शाम में जितना लोग टहलते हैं, रैली में उतनी ही भीड़ थी; जेडीयू बोली- अब तमिलनाडु जाए प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर की बिहार बदलाव रैली पर तंज कसते हुए जेडीयू के एमएलसी और प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि पीके की रैली में उतनी ही भीड़ थी, जितनी आम तौर पर गांधी मैदान में शाम को टहलने वालों की होती है। अब उन्हें तमिलनाडु जाकर व्यापार करना चाहिए।

नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर निशाना साथा है। उन्होंने कहा है कि पटना के गांधी मैदान में प्रशांत किशोर की रैली में उतनी ही भीड़ थी, जितनी आम तौर पर गांधी मैदान में शाम को टहलने वालों की होती है। रैली के जरिए पीके ने खुद को बेनकाब करने का अच्छा काम किया है, और अपनी असफलताओं के लिए दूसरों पर दोष मढ़ने का कोई मतलब नहीं है। उन्हें लगता था कि राजनीति एक व्यवसाय है, लेकिन ऐसा नहीं है। अब उन्हें तमिलनाडु जाकर व्यापार करना चाहिए।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि अब प्रशांत किशोर को ये मैसेज मिल गया है कि बड़ी-बड़ी बातें करने से बदलाव नहीं आता। पीके की राजनीति का शटर गिर गया है। खोदा पहाड़, निकली चुहिया। आपको बता दें पटना के गांधी मैदान में पीके की जन सुराज की पहली चुनावी रैली थी। जिसको लेकर प्रशांत किशोर ने दावा किया था कि बिहार बदलाव रैली में 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे। रैली स्थल पर पड़ी कुर्सियां तक नहीं भर पाईं।
प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार और पटना प्रशासन पर ठीकरा फोड़ते हुए आरोप लगाया कि उनसे लाखों लोगों को मिलने से रोका गया। 2 लाख लोग जाम में फंसे रहे। प्रशासन ने उनकी कोई मदद नहीं की। जबकि रैली आयोजन की हर परमिशन प्रशासन से की गई थी। लेकिन अब लोगों को धोखा मिला है। पीके ने रैली में पहुंचे लोगों से माफी भी मांगी। उन्होने कहा कि अब वो अगले 10 दिन के भीतर बिहार बदलाव यात्रा पर निकलेंगे, और घर-घर जाएंगे। उन्होने लोगों से मौजूदा बिहार सरकार को उखाड़ फेंकने का भी आह्वान किया।