अभिषेक ने पांचवें टी20 में निकाला इंग्लैंड का कचूमर, भारत ने दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत; रंग में लौटे शमी
- भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मैच में धमाकेदार जीत हासिल की। अभिषेक शर्मा ने रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में यादगार शतक जमाया।

युवा ऑलराउंडर अभिषेक शर्माने रविवार को पांचवें टी20 मैच में इंग्लैंड का कचूमर निकाल दिया। अभिषेक के तूफानी शतक के दम पर भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 247/9 का विशाल स्कोर बनाया। अभिषेक ने 54 गेंदों में 7 चौकों और 13 छक्कों की मदद से 135 रन बनाए। यह भारत के लिए सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे बड़ी पारी है। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 100 का आंकड़ा भी नहीं छू सकी। इंग्लैंड की पारी 10.3 ओवर में केवल 97 रनों पर सिमट गई। भारत ने 150 रनों से विजयी परचम फहराया। यह भारत की रनों के लिहाज से टी20 इंटनेरशनल क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
आठ प्लेयर सिंगल डिजिट में आउट
वहीं, इंग्लैंड को बतौर मेंबर नेशनल टी20 इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी है। ओपनर फिल साल्ट (23 गेंदों में 55 रन) के अलावा इंग्लैंड की ओर से कोई भी छाप नहीं छोड़ सका। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। जैकोब बेथल ने 10 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड के 8 प्लेयर दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए, जिसमें बेन डकेट (0), कप्तान जोस बटलर (7), हैरी ब्रूक (2) और लियाम लिविंगस्टोन (9) शामिल हैं। 24 वर्षीय अभिषेक ने बल्ले के अलावा गेंद से भी कमाल दिखाया। उन्होंने आखिरी मुकाबले में एक ओवर में रन देकर दो विकेट हासिल किए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया।
रंग में लौट तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी रंग में लौट आए हैं। उन्हें पांचवें टी20 में अर्शदीप सिंह की जगह शामिल किया गया। तीसरे टी20 में विकेट नहीं लेने वाले शमी ने मुंबई में 2.3 ओवरों में 25 रन देकर सबसे ज्यादा तीन शिकार किए। उन्होंने इंग्लैंड को डकेट के रूप में पहला झटका दिया। शमी ने 11वें ओवर में आदिल रशीद (6) और मार्क वुड को पवेलियन भेजकर इंग्लैंड की पारी को समेटा। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और ऑलराउंडर शिवम दुबे ने दो-दो शिकार किए। रवि बिश्नोई को एक सफलता मिली। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने सीरीज 4-1 से अपने नाम की।
T20I में फुल मेंबर टीम की रनों से सबसे बड़ी हार
168 भारत बनाम न्यूजीलैंड अहमदाबाद 2023
150 भारत बनाम इंग्लैंड वानखेड़े 2025
143 पाकिस्तान बनाम वेस्टइंडीज कराची 2018
143 भारत बनाम आयरलैंड डबलिन 2018
137 इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज बैसेटेरे 2019
135 भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका जोबर्ग 2024
T20I में भारत की सबसे बड़ी जीत
168 रन बनाम न्यूजीलैंड (कप्तान: हार्दिक पांड्या)
150 रन बनाम इंग्लैंड (कप्तान: सूर्याकुमार यादव)
143 रन बनाम आयरलैंड (कप्तान: विराट कोहली)
135 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका (कप्तान: सूर्याकुमार यादव)
133 रन बनाम बांग्लादेश (कप्तान: सूर्या)
106 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका (कप्तान: सूर्याकुमार यादव)
101 रन बनाम अफगानिस्तान (कप्तान: केएल राहुल)
100 रन बनाम जिम्बाब्वे (कप्तान: शुभमन गिल)
भारत का इंग्लैंड के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर
अभिषेक ने भारतीय टीम के कुल स्कोर में आधे से अधिक का योगदान दिया, जिससे भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना सर्वोच्च टी20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर बनाया। इससे पहले टीम ने 2021 में अहमदाबाद में दो विकेट पर 224 रन बनाए थे। टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह भारत का चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। अभिषेक के आक्रामक तेवर का इंग्लैंड के गेंदबाजों के पास कोई तोड़ नहीं था। उन्होंने जोफ्रा आर्चर (55 रन पर एक विकेट) के खिलाफ मन मुताबिक रन बटोरे। उन्होंने 17 गेंदों में अर्धशतक और 37 गेंदों में शतक कंप्लीट किया। अभिषेक टी20 इंटरनेशनल में दूसरी सबसे तेज सेंचुरी लगाने वाले भारतीय प्लेयर बन चुके हैं।
संजू सैमसन और सूर्यकुमार यादव फिर फ्लॉप
दूसरी ओर, संजू सैमसन (16) और सूर्यकुमार यादव (दो) एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। तिलक वर्मा (24) और शिवम दुबे (30) ने अभिषेक के साथ मजबूत साझेदारी की। अभिषेक के साथ वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए महज 43 गेंद में 115 रन की साझेदारी की। दुबे ने सलामी बल्लेबाज के साथ चौथे विकेट के लिए 18 गेंदों पर 37 रनों की तेज साझेदारी की। सैमसन ने पारी की पहली गेंद पर जोफ्रा आर्चर के खिलाफ शानदार पुल शॉट पर छक्का जड़कर टीम के इरादे जाहिर कर दिए। उन्होंने इस ओवर का अंत छक्का और चौका से किया। वह हालांकि अगले ओवर में वुड की गेंद पर बाउंड्री के पास आर्चर को कैच देकर पवेलियन लौटे। सूर्या कार्स की गेंद को हवा में लहरा बैठे और विकेटकीपर फिल साल्ट ने मुश्किल कैच लपका।