राशिद खान के नाम दर्ज हुआ IPL का शर्मनाक रिकॉर्ड, बल्लेबाजों ने इस सीजन जमकर छुड़ाए उनके 'छक्के'
IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने के मामले में राशिद खान संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। वे सबसे ज्यादा छक्के खाने वाले स्पिनर बन गए हैं। इस मामले में वानिंदु हसरंगा और युजवेंद्र चहल भी पीछे छूट गए हैं।

अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान की इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 18वें सीजन में बुरी हालत हो गई है। पूरे सीजन राशिद खान बल्लेबाजों की रिमांड पर रहे हैं। राशिद खान आईपीएल के इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने वाले स्पिनर बन गए हैं। इसके अलावा वे आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर भी पहुंच गए हैं।
राशिद खान ने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटन्स की ओर से आखिरी लीग मैच तक 31 छक्के खाए हैं। मोहम्मद सिराज भी इस लिस्ट में उनके साथ शीर्ष पर हैं। वे भी 31 छक्के एक सीजन में खा चुके हैं। 2022 का वो सीजन था। राशिद खान से ज्यादा छक्के स्पिनर के तौर पर किसी अन्य खिलाड़ी ने एक सीजन में नहीं खाए हैं। लिस्ट में दूसरे स्पिनर वानिंदु हसरंगा हैं। उन्होंने 2022 में 30 छक्के खाए थे। इतने ही छक्के युजवेंद्र चहल ने 2024 के सीजन में खाए। ड्वेन ब्रावो इस लिस्ट में पांचवें खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 29 छक्के अब तक खाए हैं।
IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने वाले गेंदबाज
31 राशिद खान (2025) *
31 मोहम्मद सिराज (2022)
30 वानिंदु हसरंगा (2022)
30 युजवेंद्र चहल (2024)
29 ड्वेन ब्रावो (2018)
राशिद खान के लिए आईपीएल का ये सीजन उनके करियर का सबसे खराब सीजन गुजरा है। वे इस सीजन 9 से ज्यादा के इकॉनमी रेट से रन लुटा रहे हैं, जबकि उनके आईपीएल करियर का इकॉनमी रेट 7 के करीब का है। पहली बार ऐसा है कि वे लीग फेज में 10 विकेट भी नहीं निकाल पाए हैं। 14 मैचों में उनको सिर्फ 9 विकेट मिले हैं। पिछले सीजन 12 मैचों में उनको 10 विकेट मिले थे। दोनों साल औसत और इकॉनमी रेट उनका खराब रहा है। राशिद इस साल जीटी के लिए समस्या बने हुए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।