गुजरात में उपचुनाव के मैदान में अकेले उतरेगी कांग्रेस, AAP के साथ गठबंधन से इनकार; बताई वजह
कांग्रेस गुजरात में दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव अकेले उतरेगी। उसने कहा कि वह इन उपचुनावों के लिए AAP के साथ गठबंधन नहीं करेगी। खबर अपडेट हो रही है…

कांग्रेस ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह गुजरात में दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव अकेले उतरेगी। कांग्रेस ने कहा कि वह इन उपचुनावों के लिए AAP के साथ गठबंधन नहीं करेगी। गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद यह घोषणा की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उपचुनावों में AAP से दूर रहने का फैसला किया है क्योंकि अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी ने बिना उससे राय लिए विसावदर सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। हालांकि, शक्तिसिंह गोहिल ने यह भी कहा कि गुजरात में कांग्रेस के इस रुख के बावजूद दोनों पार्टियां राष्ट्रीय स्तर पर INDIA गठबंधन का हिस्सा बनी रहेंगी।
शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि AAP ने इंडिया गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद विसावदर सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित करके गठबंधन धर्म नहीं निभाया। हमारी राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में आगामी उपचुनावों के बारे में विस्तृत चर्चा हुई। हर गठबंधन के कुछ सिद्धांत होते हैं। हम INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं। लेकिन, पार्टी की प्रदेश इकाइयां अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव इसलिए हारी क्योंकि AAP ने कुछ सीटों पर उसकी पेशकश स्वीकार करने से इनकार कर दिया था और अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया था।
कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनावों में AAP के लिए भरूच और भावनगर सीटें छोड़ी थीं। हमने उपचुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि गुजरात के मतदाताओं ने कभी किसी तीसरी पार्टी को स्वीकार नहीं किया। AAP द्वारा किए गए नुकसान के बावजूद, कांग्रेस अब भी सूबे की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है। कांग्रेस इन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
बता दें कि निर्वाचन आयोग ने अभी उपचुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की है, लेकिन AAP ने गोपाल इटालिया को विसावदर सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया है। जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट दिसंबर 2023 से खाली है, जब AAP के तत्कालीन विधायक भूपेंद्र भयानी इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। एससी के लिए आरक्षित मेहसाणा की कडी सीट भाजपा विधायक करसन सोलंकी के निधन के बाद चार फरवरी से खाली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।