fire broke out in Gujara Banaskantha firecracker factory 3 killed गुजरात की पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, अब तक 18 लोगों की मौत; पांच घायल, Gujarat Hindi News - Hindustan
Hindi Newsगुजरात न्यूज़fire broke out in Gujara Banaskantha firecracker factory 3 killed

गुजरात की पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, अब तक 18 लोगों की मौत; पांच घायल

  • जिन लोगों की मौत हुई है, वह फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर बताए जा रहे हैं। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।

Aditi Sharma लाइव हिन्दुस्तानTue, 1 April 2025 03:08 PM
share Share
Follow Us on
गुजरात की पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, अब तक 18 लोगों की मौत; पांच घायल

गुजरात के बनासकांठा में बड़ा हादसा हो गया है। यहां पटाखा फैक्ट्री में बड़े धमाके के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में मरने वालों का आंकड़ा 18 तक पहुंच गया है, इसके अलावा 5 के घायल होने की खबर है। जिन लोगों की मौत हुई है, वह फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर बताए जा रहे हैं। इसके अलावा कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। जानकारी के मुताबिक अब तक मलबे से 18 शव निकाले जा चुके हैं।

इससे पहले एसपी अक्षय राज मकवाना ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में 17 लोगों की जान चली गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बचाव कार्य जारी है। वहीं दीसा ग्रामीण पुलिस थाने के निरीक्षक विजय चौधरी ने बताया कि आग लगने के बाद कई विस्फोट हुए, जिसके बाद डिसा कस्बे के पास स्थित फैक्ट्री के कुछ हिस्से ढह गए। उन्होंने बताया कि मलबे में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए डिसा नगरपालिका के दमकल कर्मी मौके पर हैं।

धमाके से ढह गया फैक्ट्री का स्लैब

जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बनासकांठा कलेक्टर मिहिर पटेल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, आज सुबह हमें डिसा के औद्योगिक क्षेत्र में एक बड़े धमाके की सूचना मिली। अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। चार घायल मजदूरों को अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया है। उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैक्ट्री का स्लैब ढह गया। हम मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए तलाशी अभियान चला रहे हैं।

इससे पहले 13 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा था, अब तक फैक्ट्री के मलबे से 13 शव निकाले जा चुके हैं। पूरा आरसीसी स्लैब ढह गया था। राहत दल मलबा हटा रहा है। इस घटना में घायल हुए चार लोगों की हालत स्थिर है। पुलिस जांच जारी है, आगे की जांच के लिए एफएसएल टीम बुलाई गई है।

मध्य प्रदेश से थे मजदूर

बताया जा रहा है कि हादसे में मारे गए मजदूर मध्य प्रदेश से थे। ऐसे में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उनकी मौत पर संवेदना जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर कहा, गुजरात के बनासकांठा स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट से मध्यप्रदेश के श्रमिकों की असामयिक मृत्यु तथा गंभीर घायल होने का दुखद समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रदेश सरकार घायल श्रमिकों व मृतकों के परिजनों की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। दुर्घटना के संबंध में गुजरात सरकार के साथ सतत संपर्क किया जा रहा है। बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

उधर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को कहा कि राज्य के बनासकांठा जिले के डिसा में पटाखों की फैक्ट्री में आग लगने से श्रमिकों की मृत्यु की घटना हृदयविदारक है। दुख की इस घड़ी में मेरी आत्मीय संवेदना मृतकों के स्वजनों के साथ है। राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये और घायल लोगों को 50,000 रुपये की सहायता प्रदान करेगी।

पटेल ने आज एक्स पर पोस्ट में लिखा, डिसा में पटाखों की फैक्ट्री में आग लगने से श्रमिकों की मृत्यु की घटना हृदयविदारक है। दुख की इस घड़ी में मेरी आत्मीय संवेदना मृतकों के स्वजनों के साथ है।” इस दुर्घटना में राहत-बचाव और उपचार की कार्रवाई को लेकर मैं प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। घायल लोगों को जल्दी से उचित उपचार मिले, इस दिशा में मैंने प्रशासन को निर्देश दिया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।