जमशेदपुर में खौफनाक घटना, डायन होने के शक में 2 महिलाओं की हत्या; 5 गिरफ्तार
झारखंड के जमशेदपुर में खौफनाक घटना सामने आई है। यहां पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी के श्रीमतडीह गांव से दो महिलाओं की डायन संदेह में हत्या कर दी गयी। बुधवार को दोनों का अपहरण कर लिया गया था।

जमशेदपुर में खौफनाक घटना सामने आई है। यहां पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी के श्रीमतडीह गांव से दो महिलाओं की डायन संदेह में हत्या कर दी गयी। बुधवार को दोनों का अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने सोमवार को शव मिलने के 24 घंटे के अंदर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों महिलाओं के शव को गांव से कुछ दूर ले जाकर एक गड्ढे में दफना दिया था। मृतकों में पंगेला पूर्ति (48 वर्ष) और चोको बोदरा (45 वर्ष) हैं। दोनों 14 मई से लापता थीं। ग्रामीणों के अनुसार दोनों की डायन संदेह में हत्या की गयी है।
एसपी ग्रामीण ऋषभ गर्ग ने बताया कि लापता महिलाओं के बारे में 19 मई को पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना में शक जाहिर किया गया था कि उनकी हत्या कर दी गयी होगी। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि इन्हें 14 मई को घर के सामने से ही गांव के कुछ लोगों ने उठा लिया था। जिन लोगों पर शक जाहिर किया गया था, उनसे पूछताछ की गयी तो पता चला कि दोनों की हत्या कर दी गयी है और शवों को दफना दिया गया है। पुलिस ने तत्काल हत्याकांड में शामिल लोगों को पकड़कर उस जगह तक पहुंची, जहां शव को दफनाया गया था। शवों को गांव से कुछ दूर ले जाकर एक गड्ढे में दफना दिया था, जिसे पुलिस ने बाद में खुदवाकर निकाला। एमजीएम कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया गया। मुसाबनी थाना में मृतका पंगेला के बेटे कानू पूर्ति ने दर्ज कराया था।
ये हुए गिरफ्तार
दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने सांडिर पूर्ति, मांगू हांसदा, डिब्रू हांसदा, सोमा बोदरा व चोरका बोदरा को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर दोनों महिलाओं के दफनाये गए शवों को कब्र से निकाला गया। एसडीओ द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी मुसाबनी अंचल अधिकारी हृषिकेश मरांडी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कर शवों को कब्र से निकाला गया।