तेज रफ्तार कोल वाहन घर में घुसा, दो लोग घायल
सिमरिया में मुरवे गिरिजा होटल के पास एक तेज रफ्तार कोल वाहन ने बाराती साउंड गाड़ी को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अंत कुमार और अंकित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग कोल वाहनों की तेज...

सिमरिया, निज प्रतिनिधि। सिमरिया थाना के मुरवे गिरिजा होटल के समीप फिर तेज रफ्तार कोल वाहन ने कहर बरपाया है। तेज रफ्तार अनियंत्रित कोल वाहन ने रविवार की अहले सुबह चार बजे बाराती साउंड गाड़ी 407 को अपनी चपेट में ले लिया, और अनियंत्रित होकर पास के एक अल्बेस्टर वाले मकान में जा घुसा। इस भीषण हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में केरेडारी थाना क्षेत्र के पांडु गांव निवासी अंत कुमार और अंकित कुमार शामिल है। ये दोनों अपने सहोदर भाई हैं। ये दोनो साउंड वाली गाड़ी में थे। अल्बेस्टर वाला मकान खाली पड़ा था। घायलों को तत्काल सिमरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोल वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और लापरवाही ने सिमरिया-टंडवा क्षेत्र में दहशत फैला रखा है। आए दिन होने वाले हादसों ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। मांओं की गोद सूनी हो रही है, बहनों का माथे से सिंदूर मिट रहा है और युवा सड़कों पर दम तोड़ रहे हैं। कई लोग हादसों का शिकार होकर अपाहिज जिंदगी जीने को मजबूर हैं। स्थानीय लोग कोल वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने और रात 9 बजे तक नो इंट्री लगाने की मांग की है। लोगों का कहना था कि प्रशासन कोल वाहनों की तेज रफ्तार पर लगाम लगाने और रात्रि 9 बजे तक नो इंट्री लगाएं, अन्यथा कोल वाहनों के परिचालन को ठप करा दिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।