15 साल पुराना भूमि विवाद सुलझाया
धुरकी थानांतर्गत बीरबल गांव के सूर्य मंदिर से जुड़ा एक दशक से अधिक पुराना भूमि विवाद अब सुलझ गया है। यह विवाद स्थानीय ग्रामीणों और प्रजापति परिवार के बीच था। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार की पहल से दोनों...

सगमा, प्रतिनिधि। धुरकी थानांतर्गत बीरबल गांव के सूर्य मंदिर से जुड़ा एक दशक से अधिक पुराना भूमि विवाद सुलझा लिया गया है। यह विवाद गांव के निवासी प्रसिद्ध प्रजापति और उनके परिवार व स्थानीय ग्रामीणों के बीच सूर्य मंदिर को लेकर करीब 15 वर्षों से चला आ रहा था। विवाद को लेकर पहले भी तीन बार भूमि मापी की जा चुकी थी। दोनों पक्षों के बीच तीन से अधिक बार कानूनी कार्रवाई भी हो चुकी थी लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल पा रहा था। स्थानीय प्रशासन की कई कोशिशों के बावजूद यह मामला लगातार उलझा रहा। बुधवार को थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार की सक्रिय पहल और समझदारी से इस लंबे समय से चला आ रहा विवाद शांतिपूर्वक सुलझा लिया गया।
थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को सूर्य मंदिर, बीरबल परिसर के पास बुलाकर एक बैठक की। बैठक में दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान निकाला गया। आपसी सहमति से भूमि सीमा का निर्धारण किया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि उनके संज्ञान में यह मामला काफी दिनों से था। विवाद का निपटारा पूर्व जिला परिषद नंद गोपाल यादव, प्रखंड प्रमुख अजय साह, स्थानीय मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा, नंद किशोर यादव, सूर्य मंदिर बीरबल के अध्यक्ष देवराज प्रजापति, सीताराम चंद्रवंशी, भोला साव, नगीना साव, बिंदेश्वरी भुइयां के सहयोग से कर लिया गया। दोनों पक्षों के द्वारा सहमति दी गई। साथ में थाना से सहायक पुलिस निरीक्षक सईद जुबैर अहमद, पुलिस बल के जवान व अन्य ग्रामीण भी उपस्थित थे। स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी की इस पहल की सराहना की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।