jharkhand hailstorm with 50 km wind speed 4 days continue rainfall alert झारखंड में गिरे बड़े-बड़े ओले, 4 दिन लगातार बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट; 50 की रफ्तार से चलेगी हवा, Jharkhand Hindi News - Hindustan
Hindi Newsझारखंड न्यूज़jharkhand hailstorm with 50 km wind speed 4 days continue rainfall alert

झारखंड में गिरे बड़े-बड़े ओले, 4 दिन लगातार बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट; 50 की रफ्तार से चलेगी हवा

  • Jharkhand Mausam: झारखंड का मौसम शुक्रवार को बदल गया। प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश का दौर जारी रहा। इस दौरान कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, रांचीSat, 19 April 2025 07:03 AM
share Share
Follow Us on
झारखंड में गिरे बड़े-बड़े ओले, 4 दिन लगातार बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट; 50 की रफ्तार से चलेगी हवा

Jharkhand Mausam: झारखंड में कहीं आंधी-बारिश और ओलावृष्टि तो कुछ जिलों में गर्मी से जनजीवन प्रभावित है। रांची के अलावा झारखंड के कुछ हिस्सों में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ बारिश और ओलों की बौछार ने आम लोगों को नुकसान पहुंचा है। रांची में 45 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवा और 50-50 ग्राम वजनी ओलों से एस्बेस्टस की छतों में छेद हो गए। वहीं, कुछ स्थानों पर फसलों, सब्जियों आदि को भी नुकसान की खबर है। हालांकि बारिश के कारण राज्य के कई जिलों के अधिकतम तापमान में 2 से 10 डिग्री तक की गिरावट आई है। रांची का अधिकतम तापमान 2 डिग्री तक नीचे आया है। वहीं, अगले चार दिन तेज हवा के साथ बारिश का भी पूर्वानुमान है। पलामू और आसपास के जिलों में मौसम में बदलाव की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत राज्य में 22 अप्रैल तक पलामू, चतरा, गढ़वा, लातेहार जिलों को छोड़कर शेष जिलों में मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा।

ओलावृष्टि से किन चीजों को हुआ है नुकसान

● ओलावृष्टि से दर्जनों गांव के घरों को नुकसान हुआ है। हेथु, हराटांड़, हुंडरू, पोखरटोली, खोखमा टोली, घाघरा, छोटा घाघरा, गड़हा टोली, डारीढ़ीपा, चंदाघासी, कुटे, लटमा समेत शहरी क्षेत्रों के घरों में भी क्षति।

● गांवों और आसपास में ओलावृष्टि से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। खेतों में लगे फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं। बैंगन, टमाटर, पत्तागोभी, भिंडी और लत्तर वाली सब्जियां खराब हो गई हैं।

संताल व कोयलांचल में दो लोगों की मौत

रांची के अलावा संताल व कोयलांचल के भी कुछ इलाके में रुक-रुक कर बारिश हुई। ठनका की चपेट में आने से गिरिडीह में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं गोड्डा में शेड गिरने से उसके अंदर छिपे एक बच्चे की जान चली गई। गोड्डा में हुए हादसे में दो अन्य घायल भी हुए हैं, जन्हिें भागलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

रांची के इन इलाकों में जमकर गिरे ओले

राजधानी रांची के कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई। कई जगहों पर सौ से दो सौ ग्राम वजन के ओले गिरने की खबर है। रांची के कोकर, कांटाटोली, सामलौंग, नामकुम, चुटिया, लोअर चुटिया, मेन रोड, डोरंडा, घाघरा, छोटा घाघरा, हिनू, हवाई नगर, सिंहमोड, हटिया, तुपुदाना, कांके रोड आदि इलाकों में बड़े-बड़े ओले गिरे।

झारखंड से होकर गुजर रहे सिस्टम का प्रभाव

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के दक्षिणी भाग से लेकर झारखंड तक निम्न दबाव का ट्रफ बना हुआ है। यह ट्रफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश के ऊपर से साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ गुजर रहा है। वहीं, एक अन्य सिस्टम झारखंड से असम के मध्य तक कायम है। इसी सिस्टम के चलते झारखंड के अलग-अलग जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है।