झारखंड में मौसम का तांडव,आंधी-बारिश के साथ आसमान से बरसी ओले वाली आफत
- झारखंड की राजधानी रांची समेत कई शहरों में आज इंद्रदेव खूब मेहरबान रहे। दिनभर से छाए बादलों ने शाम होने से पहले अपना रूप बदला और कई जगह तेज बारिश के साथ ओले भी पड़े। राजधानी रांची में शाम करीब चार बजे हुई बूंदाबांदी ने जोर पकड़ा और देखते-देखते बारिश तेज हो गई।

झारखंड की राजधानी रांची समेत कई शहरों में आज मौसम ने अचानक पलटी मारी। दिनभर से छाए बादलों ने शाम होने से पहले अपना रूप बदला और कई जगह तेज बारिश के साथ ओले भी पड़े। राजधानी रांची में शाम करीब चार बजे हुई बूंदाबांदी ने जोर पकड़ा और देखते-देखते बारिश तेज हो गई। मौसम में आए बदलाव से गर्मी से राहत मिली है। रांची के शहरी इलाके में बिजली चमकने का सिलसिला जारी है। रांची के अलावा हजारीबाग, पलामू,गढ़वा समेत कई इलाकों में मौसम के इस बदलाव से लोग खुश हैं। इस बारिश ने कई जगह फसलों को नुकसान भी पहुंचाया है।
झारखंड में मौसम की इस करवट ने कई शहरों में आंधी के साथ तेज बारिश और ओले भी गिरे हैं। रांची और इसके आसपास के इलाकों में मौसम में आए बदलाव से गर्मी से राहत मिली है। रांची जिले नगड़ी में बारिश के कारण सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई है। रांची के शहरी इलाके में बिजली चमकने का सिलसिला जारी है। रांची के अलावा लोहरदगा जिले में लगातार दूसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी है। यहां गरज के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ओले और बारिश के चलते गेहूं की तैयार फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हजारीबाग जिले में जोरदार बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई है।

इसके अलावा पलामू में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई है। गढ़वा के कांडी प्रखंड में भी बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई है। कई और भी स्थानों पर बारिश जारी है। बारिश और ओलावृष्टि से अभी तक कहीं से भी जानमाल के भारी नुकसान की खबर नहीं मिली है।
हजारीबाग जिले के चौपारण में बारिश और आंधी का ऐसा मंजर सामने आया है। बादलों की गरज और लाइटिंग के बीच हवा और बारिश ने ऐसी रफ्तार पकड़ी है कि इसकी जद में आने वाली हर वस्तु इधर-उधर उड़ गई है। हजारीबाग के ही दारू में इतनी भारी मात्रा में ओले गिरे कि जमीन पर सफेद चादर सी बिछ गई।

मौसम के इस तेवर ने फसलों के साथ लोगों को भी नुकसान पहुंचाया है। लातेहार जिले के बालूमाथ में वज्रपात की चपेट में एक शख्स के घायल होने की खबर है। बालूमाथ में वज्रपात से एक किसान के घायल होने की खबर है। उसका सीएचसी में उपचार चल रहा है। बालूमाथ पुलिस अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत बारियातू प्रखंड के नवाटोला के पास यह घटना हुई है। ढाड़ा के नवाटोला निवासी गनु यादव (40) के रूप में किसान की पहचान हुई है।
रामगढ़ जिले के पतरातू और आसपास के इलाकों में बारिश के मौसम सुहाना हुआ। तेज हवा के साथ क्षेत्र में हुई बारिश के चलते घंटों बिजली गुल रही। बारिश के बीच तेज हवा चलने से खेतों में फसलों को नुकसान की आशंका है। गेहूं की बालियों के भींगने के चलते किसानों के चेहरे पर सिकन की लकीरें दिखने लगी हैं। पकी हुई गेहूं की फसल तेज हवा चलने से इधर-उधर बिखर गई है।