बारिश होगी या चलेगी लू? अगले 15 दिन कैसा रहेगा झारखंड का मौसम; एक खुशखबरी
- Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम को लेकर एक खुशखबरी सामने आई है। अगले 15 दिनों में रुक-रुककर प्रदेशभर में बारिश होगी। बारिश के कारण तापमान सामान्य और उससे कम बना रहेगा।

Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अप्रैल महीने के बचे हुए अगले 15 दिनों में मौसम बहुत ज्यादा गर्म नहीं होगा। रांची समेत झारखंड के ज्यादातर शहरों के तापमान के सामान्य रहने की उम्मीद तो है ही, भीषण गर्मी के भी आसार नहीं हैं। इस दौरान मौसम विभाग ने अलग-अलग इलाकों में बारिश का अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 15 दिनों तक झारखंड में अलग-अलग दिन बारिश होगी और तापमान सामान्य बना रहेगा। इस दौरान लोगों को भीषण गर्मी नहीं झेलनी पड़ेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस दौरान राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं, इस माह के अंत तक राज्य के गर्म रहने वाले शहरों का अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक रह सकता है। हालांकि पिछले वर्ष अप्रैल माह में छह बार राज्य में लू की चेतावनी जारी हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले चार दिन में आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
25 तक आसमान में बादल डालेंगे डेरा
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में तापमान अब तक सामान्यत: औसत से नीचे या इसके करीब चल रहा है। जबकि भीषण गर्मी की स्थिति में तापमान अपने औसत से कई डिग्री अधिक हो जाता है। राज्य में फिलहाल 25 अप्रैल तक बादल छाने से गर्मी नहीं सताएगी। ऐसे में पूरे प्रदेश के लोगों के लिए यह एक राहतभरी खबर है।
ऐसा रहा शहरों का अधिकतम पारा
रांची 31.8
बोकारो 35.1
चाईबासा 36.1
जमशेदपुर 36.3
मेदिनीनगर 37.5
हवा की रफ्तार में दिखेगा उतार-चढ़ाव
झारखंड के मौसम को लेकर जानकारी देते हुए रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो सप्ताह के बीच झारखंड में सामान्य या इससे अधिक बारिश होने का अनुमान है। इस बीच हवा की रफ्तार घट-बढ़ सकती है।