बाबा साहेब आंबेडकर के सपनों को साकार कर रही भाजपा : मरांडी
अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र का संवाहक बन गई है कांग्रेस पार्टी : डॉ रविंद्र राय, आंबेडकर सम्मान अभियान को लेकर कार्यशाला का हुआ आयोजन

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आंबेडकर सम्मान अभियान को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, विधायकगण, अभियान की प्रदेश टोली, जिलाध्यक्ष सहित अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अध्यक्षीय संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर के सपनों को भाजपा साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहेब आंबेडकर के सपनों, विचारों को बार-बार रौंदा। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आजादी के पहले और आजाद भारत में भी अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र का संवाहक बनी है। आज भी कांग्रेस नेताओं का यही रवैया दिखता है। राय ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान सभा की बहस में धारा 370 का विरोध किया, धर्म आधारित आरक्षण का विरोध किया, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उनकी बातों को लगातार अनसुना किया। कांग्रेस ने दलित समाज को वोट बैंक समझा और विकास से कोसों दूर रखा। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि कांग्रेस आज बाबा साहेब को लेकर बड़ी-बड़ी बातें कर रही, लेकिन बाबा साहब के प्रति कांग्रेस का काला इतिहास है।
13 से 25 अप्रैल तक चलेगा आंबेडकर सम्मान अभियान
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि अंबेडकर सम्मान अभियान एक वैचारिक आंदोलन है, जिसे जन-जन तक पहुंचना है। उन्होंने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि आगामी 13 से 25 अप्रैल तक अभियान चलाए जाएंगे। 13 अप्रैल को प्रदेश के सभी जिलों में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा की सफाई होगी। शाम को वहां दीपक जलाकर बाबा साहेब को याद किया जाएगा। 14 अप्रैल को जयंती के अवसर पर प्रतिमा एवं चित्रों पर माल्यार्पण होंगे। सेवा बस्तियों में फल, भोजन आदि का वितरण किया जाएगा। सभी जिलों में अभियान के तहत 15 से 25 अप्रैल के बीच गोष्ठियां आयोजित होंगी। इसके अतिरिक्त बड़े पैमाने पर संपर्क अभियान भी चलाए जाएंगे। अभियान के लिए प्रमंडल सह टोली बनाई गई है, जिसमें संताल परगना में बालमुकुंद सहाय, मनोज सिंह, राजेश पासवान, उत्तरी छोटा नागपुर में प्रदीप वर्मा, मनोज सिंह, पलामू में विकास प्रीतम, किशुन दास, कमलेश राम, दक्षिणी छोटा नागपुर में गणेश मिश्र, रंजन पासवान, कोल्हान में आदित्य साहू, सीमा पासवान, प्रभात भुइयां शामिल हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।