Outrage After Missing Man s Body Found in Pond Police Under Scrutiny अनगड़ा में तीन दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, Ranchi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsOutrage After Missing Man s Body Found in Pond Police Under Scrutiny

अनगड़ा में तीन दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

अनगड़ा के हेसल निवासी 32 वर्षीय रिजवान अंसारी का शव तालाब में मिला, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। पुलिस को शव निकालने में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने विनोद महतो का घर घेर लिया, जिसने...

Newswrap हिन्दुस्तान, रांचीFri, 11 April 2025 09:06 PM
share Share
Follow Us on
अनगड़ा में तीन दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

अनगड़ा, प्रतिनिधि। तीन दिन से लापता युवक हेसल निवासी 32 वर्षीय रिजवान अंसारी का शव शुक्रवार को हेसल तालाब में मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। युवक का शव तालाब में होने की सूचना पर मौके पर सात बजे पहुंची अनगड़ा पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस को ग्रामीण तालाब से युवक का शव नहीं निकालने दे रहे थे। वहीं एएसआई और पुलिस बल को आक्रोशित ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। इस मामले में पुलिस को दुर्व्यवहार भी झेलना पड़ा। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों को खिजरी विधायक राजेश कच्छप, सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव, ओरमांझी इंस्पेक्टर अनिल तिवारी और अनगड़ा इंस्पेक्टर हंसे उरांव ने समझा-बुझाकर शांत कराया। पांच घंटे की मशक्कत के बाद 12 बजे शव को तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। थाना प्रभारी हीरालाल साह ने बताया कि रिजवान की मौत हत्या है या आत्महत्या यह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार, छह अप्रैल की शाम रिजवान ने हेसल के विनोद महतो के घर में घुसकर उसकी पत्नी निशा देवी के साथ छेड़खानी की थी। पत्नी की शिकायत पर रिजवान से पूछताछ करने पहुंचे विनोद महतो के साथ भी उसने मारपीट की थी। इस मामले में विनोद ने सात अप्रैल को अनगड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके लिए आठ अप्रैल को पुलिस ने पूछताछ के लिए रिजवान को थाना बुलाया था, परंतु रिजवान थाना नहीं पहुंचा।

तालाब के किनारे रिजवान की मिली थी बाइक

नौ अप्रैल को उसके पिता गुफरान अंसारी ने थाना में सूचना दी कि रिजवान लापता है। इसके बाद पुलिस सनहा दर्ज कर रिजवान की खोजबीन शुरू की और उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी बाइक तालाब के पास पाई गई थी। इसी बीच शुक्रवार को उसका तालाब में शव मिला।

ग्रामीणों ने छेड़खानी का केस दर्ज करानेवाले का घर घेरा

ग्रामीणों ने छेड़खानी और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज करानेवाले विनोद महतो का घर घेर लिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी हीरालाल साह ने सदल बल मौके पर पहुंचकर उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर बचाया। विधायक ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई की जाएगी।

दंपति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज

ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो रिजवान की जान बच जाती। इस मामले में पुलिस की भूमिका संदेहास्पद रही है। वहीं मृतक के चाचा इब्राहिम अंसारी ने विनोद महतो और उसकी पत्नी निशा के खिलाफ रिजवान की हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।