दांत खराब करती हैं ये 5 आदतें, समय रहते बदलाव करना है जरूरी
- अगर ओरल हेल्थ पर ध्यान न दिया जाए तो समस्याएं बढ़ सकती हैं। ज्यादातर लोग अपने दांतों को नजरअंदाज करते हैं, जिसकी वजह से उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यहां कुछ आदतों के बारे में बता रहे हैं जो आपके दांतों को खराब कर सकती हैं।

खूबसूरत स्माइल के लिए सुंदर-साफ दांत का होना बहुत जरूरी है। सफेद-चमकते दांत हर किसी को पसंद होते हैं। लेकिन कई बार दांतों पर पीली परत जमने के साथ दांतों में कैविटीज की समस्या भी हो जाती हैं। ऐसे में चेहरे की सुंदरता तो खराब होती ही है साथ ही ओरल हेल्थ पर भी बुरा असर होता है। ऐसी कई आदतें हैं जो खराब ओरल हेल्थ का कारण बनती हैं। ऐसे में समय रहते इन आदतों में बदलाव करना बहुत जरूरी है। देखिए, दांत खराब करने वाली आदतें।
1) बर्फ के टुकड़े चबाना
बर्फ काफी कठोरता और ठंडे तापमान की होती है। ऐसे में बहुत से लोग ऐसे हैं जो बर्फ के टुकड़ों को खाना पसंद करते हैं। ऐसा करने की वजह से दांत टूट सकते हैं। वहीं फिलिंग को भी नुकसान हो सकता है। इस आदत से बचना बेहतर है और अगर ठंडा पानी पीना पसंद है तो स्ट्रॉ से पानी पिएं।
2) बार-बार खाना
जब आप खाते हैं तो कैविटी बनाने वाले बैक्टीरिया आपके मुंह में बचे हुए खाने के कणों को खाते हैं और फिर एसिड पैदा करते हैं। जिसकी वजह से आपके इनेमल डैमेज हो सकता है। बार-बार नाश्ता करने के बजाय, संतुलित, प्रोटीन युक्त खाना खाएं और बचे हुए खाने के कणों को धोने के लिए खूब पानी पियें।
3) बहुत जोर से ब्रश करना
बहुत तेजी से अपने दांतों को ब्रश करने से मसूड़ों में जलन हो सकती है, मसूड़े सिकुड़ सकते हैं, दांतों का इनेमल खराब हो सकता है और दांतों में सेंसटिविटी की दिक्कत हो सकती है। बहुत जोर से ब्रश करने से बचने के लिए मुलायम ब्रिसल्स वाला टूथब्रश चुनें और अपने टूथब्रश को हर 3-4 महीने में बदलें।
4) स्मोकिंग
स्मोकिंग न केवल आपके दिल और फेफड़ों पर असर डालता है, बल्कि ये आपके मौखिक स्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचाता है। स्मोकिंग से मसूड़ों की बीमारी होने का खतरा ज्यादा होता है। इसके अलावा दांतों का रंग खराब हो जाता है, सांसों से बदबू आने लगती है, टेस्ट बड को नुकसान, दांतों में सड़न, दांतों का खराब होना और मुंह का कैंसर होता है। स्मोकिंग से होने वाली परेशानियों से बचाव के लिए इसे छोड़ना ही सबसे अच्छा है।
5) बहुत ज्यादा शराब पीना
अल्कोहल मुंह को सूखा देता है और लार को बैक्टीरिया को दूर करने से रोकता है। जिससे सांसों में बदबू आती है और आपके दांतों में कैविटी होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, अल्कोहल अम्लीय होता है और ये इनेमल को घिस सकती है। दांतों के बचाव के लिए शराब छोड़ना या इसकी मात्रा पर कंट्रोल करना सबसे अच्छा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।