धनिया-पुदीना छोड़ प्याज से बनाएं ये चटपटी सी चटनी, दो की भूख में खा जाएंगे चार रोटियां Tasty and spicy quick Onion Chutney recipe, रेसिपी - Hindustan

धनिया-पुदीना छोड़ प्याज से बनाएं ये चटपटी सी चटनी, दो की भूख में खा जाएंगे चार रोटियां

Onion Chutney Recipe: कुछ चटपटा खाने का मन है जो झटपट बन जाए, तो प्याज से बना लें ये टेस्टी चटनी। इसके स्वाद के आगे आपकी धनिया-पुदीना वाली सभी चटनियां फेल हो जाएंगी।

Anmol Chauhan लाइव हिन्दुस्तानFri, 9 May 2025 01:47 PM
share Share
Follow Us on
धनिया-पुदीना छोड़ प्याज से बनाएं ये चटपटी सी चटनी, दो की भूख में खा जाएंगे चार रोटियां

चटपटी सी चटनी खा कर पूरे मुंह का स्वाद ही बदल जाता है। अक्सर जब कुछ बनाने का मन नहीं करता या रोज की दाल-सब्जी से कुछ अलग हटकर खाने का मन होता है, तो घर में बनती है चटनी। वैसे तो चटनी को साइड डिश के तौर पर खाया जाता है लेकिन अक्सर इसके चटपटे स्वाद के आगे लोग बाकी डिशेज खाना भूल जाते हैं। आज हम प्याज की चटपटी सी चटनी की जो रेसिपी आपके साथ शेयर कर रहे हैं, इसके बाद तो कुछ और खाने का सवाल ही नहीं उठता। रोटी-पराठे, चावल और यहां तक कि डोसा और इडली तक के साथ भी आप ये चटनी बना सकती हैं। इस चटनी का स्वाद तो दूर की बात है इसकी खुशबू ही आपके मुंह में पानी भर देगी। तो चलिए जानते हैं इस चटपटी प्याज की चटनी की रेसिपी।

प्याज की चटनी बनाने के लिए सामग्री

प्याज की चटपटी सी चटनी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- 3 मीडियम प्याज, 6-7 लहसुन की कलियां, 8-10 सूखी हुई लाल मिर्च, कड़ी पत्ता, 1 चम्मच इमली का पल्प (गूदा), 1 चम्मच चना दाल, सफेद उड़द दाल (2 चम्मच), तेल, साबुत धनिया (1 चम्मच), जीरा (1 चम्मच), आधा चम्मच राई के दाने, चुटकी भर हींग, नमक (स्वादानुसार), कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच)।

ऐसे बनाएं प्याज की चटपटी चटनी

प्याज की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले पैन में दो से तीन चम्मच तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर इसमें 1 चम्मच चना दाल और 1 चम्मच सफेद उड़द की दाल मिलाएं। इन्हें गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राई कर लें। अब इसमें जीरा और धनिया के बीज एड करें। इन्हें भी कुछ देर के लिए भून लें। इसके बाद इनमें एड करें फ्रेश करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च और लहसुन की कलियां और सभी को चार से पांच मिनट के लिए भूनें।

अब बारी आती है इसमें कटी हुई प्याज एड करने की। प्याज को तीन से चार मिनट के लिए भूनें जबतक वो हल्की सॉफ्ट ना हो जाए। इस दौरान प्याज में नमक भी एड करें। जब प्याज गोल्डन ब्राउन हो जाए, तो गैस की फ्लेम को बंद कर दें और खट्टेपन के लिए इसमें इमली का पल्प या नींबू का रस मिलाएं। अब मिक्सचर को हल्का ठंडा होने दें और ठंडा होते ही इसे मिक्सर में डालकर पीस लें। इसमें थोड़ा सा पानी भी एड कर सकती हैं।

ऐसे लगाएं चटनी में चटपटा तड़का

अब चटनी में मजेदार तड़का लगाते हैं। इसके लिए पैन में तेल गर्म करें और उसमें मिलाएं राई के दाने, करी पत्ता, 1 चम्मच सफेद उड़द दाल और चुटकी भर हींग। इन्हें थोड़ी देर फ्राई करें और इसके बाद एड करें चटनी का पेस्ट। खूबसूरत लाल रंग के लिए इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर मिलाएं। चटनी में थोड़ा सा पानी मिलाएं और इसे ढककर पकने दें। तब तक पकाएं जब तक चटनी के ऊपर तेल ना दिखाई पड़ने लगे। तो बस लीजिए आपकी चटपटी प्याज की चटनी बनकर तैयार है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।