भोपाल में स्कूलों का समय बदला; कितने बजे के बाद नहीं चलेगी क्लास? जानिए वजह
- मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्कूलों का समय बदल दिया गया है। भोपाल के जिला कलेक्टर ने ये आदेश 8वीं तक की क्लास के लिए जारी किया है।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्कूलों का समय बदल दिया गया है। इसके पीछे की वजह भीषण गर्मी है। प्रदेश के कई जिले लू की चपेट में हैं। राजधानी में भी पारा 41 डिग्री पार चला गया है। ऐसे में भोपाल कलेक्टर ने आदेश दिया है कि सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में दोपहर 12 बजे के बाद कक्षाएं नहीं चलेंगी। हालांकि यह आदेश केवल 8वीं तक की क्लासों के लिए जारी किया गया है।
भोपाल के शिक्षा अधिकारियों ने विचार विमर्श के बाद आदेश जारी किया है कि आठवीं तक की कक्षाएं 12 बजे के बाद नहीं चलेंगी। कलेक्टर ऑफिस द्वारा यह फैसला भीषण गर्मी को देखते हुए लिया गया है। क्योंकि, मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने आज राज्य के 30 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया था। पारा भी 43 डिग्री पार जा चुका था। इसके चलते बच्चों को सतर्क और सुरक्षित रखने के लिए ये कदम उठाया गया है।
समय घटने की मांग बच्चों के अभिभावकों ने ही की थी। उनका कहना था कि दोपहर में बच्चों को वापस ले जाने में खासी दिक्कतें होती हैं। इसे देखते हुए अधिकारियों ने छोटे बच्चों की कक्षाएं कम की हैं। हालांकि समय घटाने पर कुछ शिक्षकों ने चिंता भी जाहिर की। इन टीचरों का तर्क था कि पढ़ाई का समय घटा देने से सिलेबस को खत्म करने में चुनौती सामने आएगी। लेकिन, इस बात को ज्यादा महत्व नहीं दिया गया, क्योंकि फिलहाल बच्चों की सुरक्षा ही सबसे अहम है।
इन दिनों मध्य प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लू की थपेड़ों के चलते लोगों का हाल बेहाल है। मौसम विभाग ने यहां के 30 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इसमें ग्वालियर जबलपुर जैसे जिले शामिल हैं। इसके अलावा आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के चलते तपन से राहत मिलती दिखाई पड़ रही है। जानिए कबसे बारिश की संभावना जताई गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।