MP में खास उम्र की महिलाओं की कब्रों से छेड़छाड़, फर्शी हटा पैरों की तरफ से खोला; परिजनों को यह शक
कब्रिस्तान में कब्र खोदने का काम करने वाले अब्दुल रहमान ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सुबह जानकारी लगी कि कब्रिस्तान में तीन कब्रों को किसी ने पैरों की तरफ से फर्शी हटाकर खोला है। साथ ही कब्रों की चटाई भी हटाई गई हैं।

मध्यप्रदेश के खंडवा स्थित बड़ा कब्रिस्तान में महिलाओं की कब्रों के साथ छेड़छाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। यहां पर एक-दो नहीं बल्कि तीन महिलाओं की कब्रों के साथ छेड़छाड़ की घटना होना बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि तीनों कब्रें करीब 50 साल से ज्यादा उम्र वाली महिलाओं की हैं, जिन्हें बीते शुक्रवार को ही दफनाया गया था। इसके साथ ही परिजनों ने दफनाए गए शवों के साथ छेड़खानी करने का भी आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि तीनों कब्रों की फर्शी हटाकर उन्हें पैरों की तरफ से खोला भी गया है, साथ ही शव पर डाले गए कफन के साथ भी छेड़छाड़ की गई है।
इस मामले में कुछ परिजनों के द्वारा तांत्रिक क्रिया किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। मामले की जानकारी लगते ही खंडवा सीएसपी, तहसीलदार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और मुस्लिम समाज के लोग कब्रिस्तान पहुंचे। जहां कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं कब्रिस्तान में कब्र खोदने का काम करने वाले अब्दुल रहमान ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सुबह जानकारी लगी कि कब्रिस्तान में तीन कब्रों को किसी ने पैरों की तरफ से फर्शी हटाकर खोला है। साथ ही कब्रों की चटाई भी हटाई गई हैं। रहमान ने आगे बताया कि जिन तीनों कब्रों के साथ यह सब हुआ वे तीनों कब्रें महिलाओं की हैं, और क्योंकि ये तीनों कब्रें हाल ही की हैं, इसलिए यह कार्य किसी तांत्रिक क्रिया के चलते किया गया मालूम होता है।
इधर कब्रिस्तान कमेटी के कोषाध्यक्ष जाहिद अहमद ने बताया कि, उन्हें जैसे ही जानकारी लगी, तब वे मौके पर पहुंचे। जहां तीन महिलाओं की कब्रें खुली हुई मिलीं, जो कि किसी शरारती तत्व या किसी तांत्रिक क्रिया के तहत खोली गई हो सकती हैं। हालांकि यहां मौजूद कुछ लोगों का मानना है कि, इन लाशों के साथ कोई गलत हरकत की गई होगी, क्योंकि महिलाओं के शव पर डले कफन भी अस्त-व्यस्त पाए गए हैं। इसलिए इस तरह कि किसी घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
छेड़खानी करने वाले व्यक्ति पर होगी कार्रवाई
इधर मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे खंडवा सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि, पुलिस को दफनाए गए कुछ शवों के साथ छेड़छाड़ की घटना होने की जानकारी मिली थी। जिस पर पुलिस तत्काल मौके पर जांच करने पहुंची थी, और परिजनों से भी संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है। उनकी सहमति के आधार पर ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यहां के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और चौकीदार से पूछताछ की जा रही है, और जल्द ही यदि कोई छेड़खानी करने वाला व्यक्ति है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यहां तीनों कब्रें महिलाओं की हैं, बताया जा रहा है कि तीनों को इसी शुक्रवार दफनाया गया था।
बता दें कि, कब्रिस्तान में सामान्यतः आम आदमी की आवाजाही नहीं रहती है। कब्रिस्तान में कौन-सी कब्र किसकी है, इसकी जानकारी केवल मृतक के परिजनों को या कब्र खोदने वाले को ही रहती है। इसलिए किसी अन्य व्यक्ति का कब्रों के बारे में जानकारी जुटा पाना मुश्किल रहता है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि क्या इन मृतक महिलाओं की कब्र को खोलकर क्या किया जा रहा था। अब पुलिस इसी गुत्थी को सुलझाने ओर आरोपी को अपनी गिरफ्त में लेने के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
रिपोर्ट- निशात मोहम्मद सिद्दीकी, खंडवा