विरोध ऐप पर हाजिरी के विरोध सफाई कर्मचारियों ने उल्टी झाड़ू कर प्रदर्शन किया
फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों ने एसएमडब्ल्यू ऐप पर हाजिरी लगाने के विरोध में प्रदर्शन किया। नगर निगम के मुख्यालय के बाहर उल्टी झाड़ू लेकर धरना दिया गया। कर्मचारियों ने संयुक्त आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर...

फरीदाबाद। एसएमडब्ल्यू ऐप पर हाजिरी लगाने के विरोध में नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के आह्वान पर नगर निगम सफाई कर्मचारियों ने बुधवार दोपहर को उल्टी झाड़ूकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद यूनियन ने नगर निगम की संयुक्त आयुक्त द्विजा को ज्ञापन सौंपकर ऐप आधारित हाजिरी और नए सिरे से वार्ड में कर्मचारियों की नियुक्ति का विरोध किया। सफाई कर्मचारियों ने बुधवारको नगर निगम मुख्यालय के सामने गेट पर धरना देकर विरोध जताया। कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारी ऐप पर बिल्कुल भी हाजिरी नहीं लगाएंगे। वहीं नगर निगम द्वारा सफाई कर्मचारियों को नए सिरे से वार्ड में तैनात किया जा रहा है। इसका कर्मचारी विरोध करते हैं। कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतिश परवाल ने यूनियन नेताओं के साथ संवाद कर वार्ड में तबादलों पर रोक लगाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी विभागों के कर्मचारियों ने सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर की अध्यक्षता में निगम मुख्यालय पर उल्टी झाड़ू लेकर निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया । इसके बाद कर्मचारियों ने संयुक्त आयुक्त द्विजा को ज्ञापन सौंपकर ऐप पर हाजिरी लगाने की नीति को वापस लेने की मांग की। संयुक्त आयुक्त ने कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों को इस ज्ञापन को शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक को भेजने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के बाद नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के उप महासचिव सुनील चंडालिया, संघ के जिला प्रधान दिलीप सिंह बहोत, सचिव अनिल चिंडालिया, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर, यूनियन सचिव महेंद्र कुरिया ने बताया कि नगर निगम की सभी यूनियनों के पदाधिकारी 27 अप्रैल को रोहतक कर्मचारी भवन में राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में ऐप पर हाजिरी लगाने के विरोध के लिए निर्णय लिया जाएगा। सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर ने सरकार पर सफाई कर्मचारियों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। कर्मचारी नेताओं का कहना था कि बीते 11 वर्षों में सफाई कर्मचारी, सीवर मैन की स्थाई और अस्थाई भर्ती नहीं की गई है। विभाग में कर्मचारियों की भारी कमी है और मशीनरी के अभाव के कारण सफाई व्यवस्था खराब है। सत्तारूढ़ पार्टी के सभी छोटे-बड़े नेताओं के करीबी लोग घरों से कूड़ा इकट्ठा कर जनता से जबरन शुल्क वसूल रहे हैं और कूड़े को शहर में ही डाला जा रहा है। प्रदर्शन में संघ के जिला कार्यकारी प्रधान सुदेश कुमार, वरिष्ठ उप प्रधान रघुवीर चौटाला, बेलदार यूनियन के प्रधान शहाबुद्दीन, वाटर सप्लाई यूनियन के प्रधान देवी चरण शर्मा, सेनिटेशन यूनियन के प्रधान शिवकुमार आदि मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।