उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज गाजियाबाद में सम्मेलन को संबोधित करेंगे
गाजियाबाद में कश्यप निषाद संगठन महर्षि कश्यप जयंती के उपलक्ष्य में सम्मेलन आयोजित करेगा। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे। समारोह में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति...

गाजियाबाद। घंटाघर रामलीला मैदान में कश्यप निषाद संगठन शनिवार को महर्षि कश्यप जयंती के उपलक्ष्य पर सम्मेलन आयोजित करेगा। इसमें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। समारोह में कई राज्यों से समाज के प्रतिनिधियों के शिरकत करने का दावा है। उत्तर प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री और ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि कश्यप निषाद संगठन महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ का आयोजन कर रहा है। उन्होंने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि समारोह के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता हुई थी, लेकिन पांच अप्रैल को दुर्गा अष्टमी और रविवार को नवमी पूजन होने के कारण वह धार्मिक अनुष्ठान में व्यस्त रहेंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री के उपस्थित होने की उम्मीद कम है। अब मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे। वह दोपहर करीब एक बजे समारोह स्थल पर पहुंचेंगे। कश्यप निषाद संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के लक्ष्मण भी समारोह में शामिल होंगे। नरेंद्र कश्यप ने बताया कि समारोह के लिए 15 हजार लोगों के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। इसमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान के अलावा यूपी के 50 जिलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, निषाद कश्यप संगठन के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सागर कश्यप, ओमप्रकाश, विशाल, महेंद्र गुप्ता, मनोज भाटी, विजय धामा और सौरभ जायसवाल आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।