नूंह में 11 महीने बाद कब्र खोदकर निकाली गई महिला की लाश, परिजनों के संदेह पर HC का क्या आदेश
हरियाणा में एक महिला की लाश 11 महीने बाद कब्र से निकाली गई। महिला की मौत 9 जून 2024 को हुई थी। महिला की मौत के 15 दिन बाद उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। इसके बाद महिला के परिवार ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

हरियाणा में एक महिला की लाश 11 महीने बाद कब्र से निकाली गई। महिला की मौत 9 जून 2024 को हुई थी। महिला की मौत के 15 दिन बाद उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। इसके बाद महिला के परिवार ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
हरियाणा के नूंह जिले में एक महिला के शव को दफनाए जाने के 11 महीने बाद कब्र से बाहर निकाला गया। हाई कोर्ट के आदेश पर शव निकालने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक पांच बच्चों की मां आशुना की मौत 9 जून 2024 को रूपाहेड़ी गांव में हुई थी।
पीड़िता के माता-पिता ने आरोप लगाया कि उन्हें संदेह है कि आशुना की हत्या की गई है। वे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने गए थे, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। इस बीच, स्थानीय लोगों ने पीड़िता के परिवार को शव को दफनाने के लिए मना लिया।
पुलिस ने बताया कि आशुना की मौत के 15 दिन बाद उसका पति रजाक अपनी साली के साथ भाग गया और उससे शादी कर ली। इसके बाद पीड़िता के परिवार ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और पुन्हाना थाने में मामला दर्ज कराया गया।
नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुसार गुरुवार को महिला का शव कब्र से बाहर निकाला गया। डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।