Delhi Weather Update No Heatwave Expected Temperatures to Rise अनुमान : दिल्ली में पारा चढ़ेगा पर लू नहीं सताएगी , Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsDelhi Weather Update No Heatwave Expected Temperatures to Rise

अनुमान : दिल्ली में पारा चढ़ेगा पर लू नहीं सताएगी

दिल्ली में अगले सात दिन मौसम राहत भरा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में बढ़ोतरी होगी लेकिन लू जैसी स्थिति नहीं बनेगी। अधिकतम तापमान 37 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 से 26 डिग्री सेल्सियस...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 15 April 2025 09:20 PM
share Share
Follow Us on
अनुमान : दिल्ली में पारा चढ़ेगा पर लू नहीं सताएगी

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में अगले सात दिन मौसम कुछ राहत भरा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तापमान में तो बढ़ोतरी होगी पर लू की स्थिति नहीं रहेगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में 16 अप्रैल से 21 अप्रैल तक लू जैसी कोई स्थिति नहीं बन रही है। साथ ही, रात के तापमान में भी कोई असामान्य वृद्धि नहीं देखी जाएगी। रात का तापमान भी सामान्य रहने की संभावना है। बता दें कि मौसम विभाग ने पूर्व में 16 से 18 अप्रैल के बीच लू की संभावना जताई थी और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान व्यक्त किया था।

आईएमडी के अनुसार, 15 से 20 अप्रैल की अवधि के दौरान अधिकतम तापमान 37 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहेगा, लेकिन लू की स्थिति नहीं बनेगी। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान हवाएं अलग-अलग दिशाओं से चलेंगी, जिनमें दक्षिण-पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं शामिल हैं। इनकी गति 10 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच होगी, जिससे वातावरण में कुछ हद तक राहत महसूस की जा सकती है।

मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में आर्द्र्ता का स्तर अधिकतम 66 फीसदी तथा न्यूनतम स्तर 30 फीसदी दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिन में आसमान साफ रहेगा लेकिन शाम होते-होते थोड़ा बादल छाए रह सकते हैं। सतह पर लगातार हल्की हवा चलेगी, जिसकी गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।