सुल्तानपुरी में युवक की चाकू से गोदकर हत्या
वारदात के बाद मृतक के परिजनों ने थाने में हंगामा किया, पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया

- मृतक के परिजनों ने थाने में हंगामा किया, पांच पर हत्या का आरोप लगाया नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। सुल्तानपुरी इलाके में बुधवार रात शादी समारोह में शामिल होने जा रहे 26 वर्षीय एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मृतक के परिजनों ने थाने पर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। मृतक के परिजनों ने इलाके में रहने वाले पांच युवकों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उधर, दूसरी तरफ आरोपियों के ही ब्लॉक के लोगों ने कुछ लोगों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश जारी है। मृतक की पहचान सुल्तानपुरी के सी-6 ब्लॉक निवासी 26 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। बाहरी जिला पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि बुधवार रात करीब दस बजे पुलिस को संजय गांधी अस्पताल से एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। सूचना के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची, डॉक्टरों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में पता चला कि सूरज और उसके परिजनों की सी-10 ब्लॉक में रहने वाले कुछ लोगों से रंजिश चल रही है। मृतक के परिजनों ने बताया कि बुधवार रात सूरज अपने दोस्त के साथ शादी समारोह में जा रहा था। निर्मल अस्पताल के पास कुछ लोगों उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद दोस्त घायल सूरज को संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने जाकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। मृतक के पिता बिंदर ने बताया कि एक माह पहले ही बेटे सूरज की शादी हुई थी। इलाके में रहने वाले कुछ लोगों से उनके परिवार का विवाद चल रहा है। आरोपियों ने कई बार उसके घर पर गोलीबारी भी की है। बिंदर का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। बुधवार रात आरोपियों ने चाकू से गोदकर सूरज की हत्या कर दी। उधर, सी-10 ब्लॉक में रहने वाले कुछ लोगों का आरोप है कि वारदात के बाद रात करीब साढ़े नौ बजे कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की थी। पुलिस का कहना है शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच इलाके में वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। घटना के पीछे की वजह जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।