फरीदाबाद में दो छात्राओं का किडनैप, एक के साथ गैंगरेप; दूसरी सकुशल वापस घर लौटी
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में दो युवकों ने कंप्यूटर कोर्स कर रही दो छात्राओं को अपनी बातों में उलझाकर अगवा कर लिया और एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म किया। जबकि एक छात्रा उनके चंगुल से बच निकली। पीड़ित छात्रा और उसकी सहेली एक निजी इंस्टीटयूट से कंप्यूटर कोर्स कर रही हैं।

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में दो युवकों ने कंप्यूटर कोर्स कर रही दो छात्राओं को अपनी बातों में उलझाकर अगवा कर लिया और एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म किया। जबकि एक छात्रा उनके चंगुल से बच निकली। पीड़ित छात्रा और उसकी सहेली एक निजी इंस्टीटयूट से कंप्यूटर कोर्स कर रही हैं। वे 15 अप्रैल की सुबह करीब 10:00 बजे अपने घर से इंस्टीट्यूट जाने के लिए बल्लभगढ़ बस अड्डा पहुंची थीं। इसी बीच वहां एक युवक पहुंचा। उसके बाद उसका एक और परिचित युवक आ गया।
पहले आए युवक ने शीतला माता मंदिर का पता पूछा। इस तरह बातों में उलझाकर एक युवक ने छात्राओं के हाथ में गेंदे का फूल, पीपल का पत्ता और पत्थर रख दिया। इसी बीच वे दोनों छात्राओं को अग्रवाल कॉलेज के पास ले गए। उनमें से एक छात्रा को उपरोक्त सामान को बस अड्डे पर रखने के लिए वापस भेज दिया और दूसरी छात्रा को ऑटो में बैठाकर उपरोक्त फूल, पत्ते को आईएमटी के पास पीपल के पेड़ के नीचे रखने का झांसा देकर ले गए।
आरोपियों ने छात्रा को डराया कि सामान को पीपल के पेड़ के नीचे नहीं रखा तो उनकी जान चली जाएगी। वहां नहर किनारे जंगल में आरोपियों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच फोन बजने के चक्कर में उसे मौका मिला और वह भाग निकली। एसीपी महेश श्योराण ने बताया कि मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
मेडिकल जांच कराई
एसीपी महेश श्योराण ने बताया कि पीड़िता का सिविल अस्पताल फरीदाबाद में चिकित्सा परीक्षण कराया गया है, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का फॉरेंसिक साइंस टीम से निरीक्षण कराया गया है। शिकायत में बताए गए रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। थाना शहर बल्लभगढ़ और अपराध जांच शाखा, ऊंचा गांव की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
छह घंटे थानों के बीच भटके परिजन
सामूहिक दुष्कर्म की घटना के पीड़ित छात्रा परिजनों के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने के लिए पांच-छह घंटे तक थानों-चौकियों के बीच भटकती रही। बाद में देर शाम पीड़िता शहर थाना पहुंची और वारदात के बारे में जानकारी दी। रात को पुलिस ने मामला दर्ज किया। पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि आईएमटी के पास जंगल में दुष्कर्म की वारदात के दौरान आरोपियों में से एक का मोबाइल फोन बजने लगा था तो उनका ध्यान फोन पर चला गया। वे फोन को स्विच ऑफ करने लगे। इसी बीच वह भाग निकली। यह देखकर आरोपी भी वहां से जंगल में फरार हो गए। रास्ते में बाइक सवार दंपति को रोककर पीड़िता ने मदद की गुहार लगाई। राहगीर ने छात्रा को पैंट दिलवाई। इसके बाद छात्रा ने अपने कपड़े पहने। छात्रा को इस तरह हालत में देखकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। लोगों से सूचना मिलने के बाद छात्रा के परिजन वहां पहुंच गए।