राजस्थान: इंस्टा फ्रेंड ने तोड़ी दोस्ती तो नाबालिग लड़की ने पिया तेजाब; रेप का भी लगा आरोप
- आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए मिले दोस्त ने मेसेज करके दोस्ती तोड़ी तो नाबालिग लड़की ने एसिड पीकर अपनी जान दे दी। लड़के पर रेप का भी आरोप लगा है।

राजस्थान के जोधपुर से एक नाबालिग लड़की द्वारा तेजाब पीकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। आत्महत्या की वजह इंस्टाग्राम फ्रेंड से दोस्ती टूटना बताया जा रहा है। आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए मिले दोस्त ने मेसेज करके दोस्ती तोड़ी तो नाबालिग लड़की ने एसिड पीकर अपनी जान दे दी। लड़के पर रेप का भी आरोप लगा है।
लड़की के परिजनों का आरोप है कि 10 अप्रैल को लड़के ने उनकी बेटी को अपने घर बुलाया और फिर उसका रेप किया। परिजनों ने इसकी शिकायत भी पुलिस के पास दर्ज कराई है। उसने लड़की को रेप और सुसाइड के लिए उकसाया भी। इसके अलावा नाबालिग लड़की से दोस्ती खत्म करने की भी बात कही। दरअसल दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और फिर दोनों करीब आ गए थे। युवक ने लड़की को इंस्टाग्राम पर ही मेसेज करके दोस्ती तोड़ने की बात भी कही।
लड़की ने दो दिन पहले अपने घरवालों से सहेली के घर कॉपी लेने जाने की बात कही और वो चली गई। करीब 3-4 घंटे बाद जब घर लौटी तो मायूस और उदास दिखी तो घरवालों ने उससे इसके बारे में पूछा। इसके बाद लड़की ने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। परिजनों ने लड़के संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने बात करने से इंकार कर दिया। उसके घर गए तो लड़का वहां मौजूद नहीं था।
इसके बाद लड़के ने संपर्क करके कहा कि अब उसका लड़की के साथ कोई संबंध नहीं है। आरोपी लड़का इस बात से काफी नाराज भी हुआ कि वो सब उसके घर गए। इसके बाद लड़के ने नाबालिग लड़की को इंस्टाग्राम पर मेसेज करके रिश्ता खत्म करने की बात कही। इसके बाद लड़की ने तेजाब पी लिया। घरवालों को पता चला तो आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान लड़की ने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोप लड़के को परिजनों की शिकायत के आधार पर अरेस्ट कर लिया है।