सीजन का सबसे गर्म दिन बुधवार, आग उगलने लगा सूरज
Bulandsehar News - बुलंदशहर में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। अप्रैल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया है। बुधवार को दिन भर तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। लोग केवल जरूरी काम...
बुलंदशहर। गर्मी ने अपने तल्ख तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दोपहर में तपिश के चलते शरीर झुलसने लगा है। अप्रैल महीने में ही अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया है। बुधवार इस सीजन का सबसे गर्मी दिन रहा। सुबह से ही चिलचिलाती धूप ने लोगों का हाल-बेहाल कर दिया। 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने लू के थपेड़ों का अहसास कराया। तपिश और गर्मी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दिन बढ़ने के साथ चटक धूप से आलम यह रहा कि छांव में भी पसीने छूटते रहे। गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी तीन दिनों में मौसम में हल्का बदलाव होने की संभावना है। तापमान में भी चार से पांच डिगी तक की गिरावट दर्ज की जाएगी।
गर्मी का पारा अब हाई होने लगा है। अप्रैल महीने में मई-जून जैसी गर्मी का अहसास हो रहा है। आसमान से बरस रही आग झुलसा रही है। सूर्यदेव के तीखे तेवरों के चलते धरती से भी आग निकलने लगी है। समय से पहले इतनी गर्मी होने से लोग परेशान हैं। गर्मी इस बार सभी रिकार्ड तोड़ रही है। बुधवार को सुबह से तल्ख तेवरों के चलते लोग पसीनों से भीगे रहे। जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया। वैसे ही तेज धूप से लोग झुलस गए। सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। घरों से लोग अंगोछा, छाता, चश्मा आदि के साथ पानी की बोतल साथ लेकर निकले। शहर के व्यस्तम बाजारों में भी भीड़ कम देखने को मिली। दुकानों पर इक्का-दुक्का लोग खरीदारी करते नजर आए। सिर्फ सुबह-शाम ही आवागमन देखने को मिला। कृषि वैज्ञानिक डॉ. विवेक राज ने बताया कि मौसम में बदलाव हो सकता है। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना बन रही है। तापमान में गिरावट से गर्मी कम होने की संभावना है।
- जरूरी काम से निकले लोग
मौसम को देखते हुए लोग घरों से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। अधिकांश लोग घरों में रहने को मजबूर रहे। सिर्फ जरूरी काम से ही लोग बाहर निकले।
- गर्मी से सूखने लगा हलक, पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ी
तेज गर्मी से हलक सूखने लगा है। पेय पदार्थों की डिमांड बढ़ने लगी है। गर्मी के चलते लोग ठंड पेय पदार्थ का सेवन कर रहे हैं।
- राहगीर-वाहन चालक की बढ़ी मुसीबतें
गर्मी और तेज धूप के चलते राहगीर और वाहन चालकों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। राहगीर दोपहर में जहां छांव तलाश रहे हैं तो वहीं वाहन चालक रूक-रूककर सफर करते नजर आ रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।