चकबंदी निरस्त कराने को संयुक्त किसान मोर्चा ने की नारेबाजी
Firozabad News - गदोखर सिरसागंज में संयुक्त किसान मोर्चा के तहत सैकड़ों किसानों ने चकबंदी अधिकारियों के भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना दिया। किसान नेताओं ने चकबंदी निरस्तीकरण की मांग की और अगर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो...

शिकोहाबाद। संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में गांव गदोखर सिरसागंज में चकबंदी अधिकारियों की मनमानी व भ्रष्टाचार के चलते सैकड़ों किसान धरने पर बैठ गए। किसानों ने चकबंदी के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। चकबंदी को लेकर किसान नेताओं की एक महापंचायत हुई जिसमें चकबंदी निरस्तीकरण की मांग की। बैठक में संयुक्त मोर्चा के 22 घटक संगठनों के साथ ही सैकड़ों की संख्या में स्थानीय किसानों ने भाग लिया। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए तहसीलदार सिरसागंज मौके पर पहुंचे जहां किसानों ने ज्ञापन सौंपा जिसमें चकबंदी को निरस्त करने की मांग की। तहसील प्रशासन से बातचीत के बाद अधिकारियों ने किसान नेताओं को कोई आश्वासन नहीं दिया। उसके बाद संयुक्त मोर्चा तथा किसानों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक सुनील फौजी ने कहा कि भ्रष्टाचार के चलते चकबंदी अधिकारियों द्वारा किसानों का शोषण किया जा रहा है। किसानों के गलत चक बनाए जा रहे हैं।
चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से चकबंदी निरस्त नहीं की तो संयुक्त किसान मोर्चा बहुत जल्द पूरे जिले में बड़ा आंदोलन करेगा। जिसकी जिम्मेदार तहसील प्रशासन सिरसागंज, जिला प्रशासन की होगी। भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर चौहान ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा ऐसे चकों का भी परिवर्तन किया गया है जिसमें मकान, मवेशी, घर, दुकान, बाग-बगीचा लगे हुए हैं जो कि यह दर्शाता है कि ऐसी भूमि का परिवर्तन करना भ्रष्टाचार के बल पर ही हो सकता है। यदि चकबंदी निरस्त नहीं की जाती है तो जिला मुख्यालय पर बड़ा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन भानू के जिला प्रभारी शीलू सिकरवार ने कहा कि बहुत जल्द जिले में बड़ा होगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि चकबंदी को तत्काल निरस्त किया जाए। संयुक्त मोर्चा के सभी घटक संगठन अनिश्चितकालीन कर रहे हैं। जिसमें सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र के किसान शामिल हो गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।