UP Weather: आज आए विक्षोभ का 26 को दिखेगा असर, मौसम विभाग ने की ये भविष्यवाणी
- विक्षोभों के कारण शनिवार को मौसम काफी नरम रहा था। रविवार को भी इसका असर रहा। अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। पारा 31.8 से 32.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे लोगों को राहत मिली। पारा सामान्य से अधिक रहा। आसमान पर हल्के बादलों के कारण तापमान में अधिक वृद्धि नहीं हो सकी।

UP Weather Update: आसमान साफ होने और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में मामूली राहत रही। नवंबर से मार्च तक के सीजन में सबसे ज्यादा विक्षोभ मार्च में आए हैं। इससे मौसम में बार-बार उतार चढ़ाव बना हुआ है। अब सोमवार को नया विक्षोभ आएगा जिसका असर बुधवार को पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार अब तापमान में बढ़ोतरी होगी।
विक्षोभों के कारण शनिवार को मौसम काफी नरम रहा था जिसके चलते रविवार को भी इसका असर रहा। अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। पारा 31.8 से 32.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे लोगों को राहत मिली। पारा सामान्य से अधिक रहा। आसमान पर हल्के बादलों के कारण तापमान में अधिक वृद्धि नहीं हो सकी। रात में कहीं हल्की बारिश व कहीं बूंदाबांदी के कारण न्यूनतम तापमान पर अधिक असर नहीं पड़ा। पारा 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से कम था। रात में ही बादल पूरी तरह छंट गए थे। तेज हवाएं भी चलने लगी थीं। ऐसे में तापमान में वृद्धि नहीं हो सकी। पिछले 48 घंटों से रात का पारा एकसमान बना हुआ है।
तापमान लगातार बढ़ेगा, फसलों पर प्रभाव पड़ेगा
मौसम में लगातार हो रहा बदलाव काफी चौंकाने वाला है। इससे फसलों पर भी असर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस असमय बारिश का सबसे बड़ा खतरा खड़ी फसलों को हुआ। तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में फसलें लेट हो गईं। जहां ओलावृष्टि हुई वहां सीधा नुकसान हो गया। जहां गेहूं की फसल काटी जा रही थी वहां हवा ने नुकसान पहुंचाया। मौसम विभाग विक्षोभों पर भी अध्ययन कर रहा है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि विक्षोभों का समय बदल गया है। ऐसे में जब सर्दी या बारिश होनी चाहिए तब नहीं हो रही है। विक्षोभ जनवरी में तो आए लेकिन तीसरे व चौथे सप्ताह में कम हो गए। मार्च में विक्षोभ कम आने चाहिए तो लगातार आ रहे हैं। इसका फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार अब लगातार तापमान बढ़ेगा।
आगरा में इसी महीने 40 डिग्री को छू सकता है तापमान
ताजनगरी आगरा में अब मौसम में बदलाव की आहट नहीं है। आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा। साथ ही तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक इसी माह दिन का पारा 40 डिग्री को छू सकता है।
शनिवार दोपहर अचानक बारिश के बाद गर्मी कुछ सध गई है। तापमान सामान्य स्थिति में आ गया है, लेकिन आगे ऐसा नहीं होने वाला। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से आसमान साफ रहेगा। सुबह से तेज धूप निकलेगी और दोपहर में गर्मी जोर मारने वाली है। इस लिहाज से हर रोज तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। इसके कारण 29 मार्च तक दिन का तापमान 40 डिग्री या इससे अधिक भी हो सकता है। ऐसे में लोगों को मार्च में ही गर्मी का प्रकोप सहना पड़ सकता है।
इधर, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री ज्यादा होकर 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री कम होकर 14.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 87 दर्ज किया गया है, इसलिए अभी शाम को हल्की सर्दी बरकरार है।