शहर में आज से चलेगा नालियों की सफाई का अभियान
Lucknow News - नव नियुक्त नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक में शहर की सफाई और टैक्स वसूली को प्राथमिकता दी। उन्होंने मानसून से पहले विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया और कचरा प्रबंधन में सुधार पर...

नव नियुक्त नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद शुक्रवार देर शाम अधिकारियों के साथ बैठक में शहर की साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर को चमकाने के लिए सभी को जुटकर काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने टैक्स वसूली पर भी जोर दिया। गौरव कुमार ने मानसून से पहले शहर की नालियों की सफाई को प्राथमिकता देते हुए सभी जोनल अधिकारियों को शनिवार से एक सप्ताह तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को रोकने के लिए नगर निगम को अभी से सक्रिय होकर काम करना होगा। इस दिशा में उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में एक मीटर चौड़ी नालियों की सूची तैयार करने का भी आदेश दिया। नगर आयुक्त ने कचरा प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के किसी भी कोने में कूड़े का ढेर जमा न हो। हर क्षेत्र में प्रतिदिन कूड़ा उठाया जाए। शिकायत न मिले कि कूड़ा कई दिनों से नहीं उठा है। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है और इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से जोनल अधिकारियों की होगी।
टैक्स वसूली में पारदर्शिता और गति लाने पर ज़ोर
टैक्स वसूली को लेकर भी नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सक्रिय होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जनता को टैक्स संबंधी सेवाएं समय पर मिलें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने नगर निगम की छवि जनता के बीच जवाबदेह और सक्रिय संस्था के रूप में स्थापित करने पर काम करने को कहा। सभी अधिकारियों को टीम भावना से कार्य करने की सलाह दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।