राज्य के पर्यटन विकास का मॉडल बना फिरोजाबाद का सामौर बाबा धाम
Lucknow News - फिरोजाबाद के करहरा गांव में स्थित सामौर बाबा धाम का पर्यटन विकास पूरे राज्य के लिए मॉडल बन गया है। इसकी स्वच्छता और प्रबंधन के कारण पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है। अब यह विकास का मॉडल नाथ...

-इस मॉडल को सबसे पहले नाथ कारिडोर और गोमती उद्गम स्थल पर किया जाएगा अमल -क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारियों को निर्देश-फिरोजाबाद में स्थित इस पावन धाम का करें भ्रमण लखनऊ, विशेष संवाददाता फिरोजाबाद के करहरा गांव में स्थित सामौर बाबा धाम का पर्यटन विकास पूरे राज्य के लिए मॉडल बन गया है। इसकी वजह यहां की स्वच्छता, संचालन, रख-रखाव, प्रबंधन और पर्यटन आकर्षण है। राज्य सरकार के प्रयास से पर्यटकों की संख्या में भी काफी वृद्धि हुई है। अब विकास का यह मॉडल नाथ कारिडोर बरेली और गोमती उद्गम स्थल पीलीभीत सहित प्रदेश के अन्य स्थलों पर भी देखने को मिलेगा। सामौर बाबा धाम का भ्रमण करने के लिए क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम करहरा सिरसागंज से पेगू मार्ग पर लगभग तीन किमी दूरी पर स्थित है। ऐसी मान्यता है कि यहां शिव दैवीय शक्ति वाली चमत्कारी मूर्तियां सैकड़ों वर्ष पूर्व स्वत: प्रकट हुई हैं। रिद्धि-सिद्धि चमत्कारी शक्तियों की अनेक घटनाएं चर्चा व किवंदतियों में सुनने को मिलती हैं। प्राचीन काल से ही यहां मोहर छठ एवं होली मेला लगता है। मेला में नव विवाहित दंपती विवाह की पगड़ी (मोहर) को विसर्जन हेतु यहां आते है तथा चिरंजीवी जीवन का आर्शीवाद प्राप्त करते है। स्थल पर अविरल गंगा (गंगा का जल नहर के माध्यम से) का प्रवाह पुनः प्रारम्भ हुआ जो सरोवर में जाता है। इस प्रकार सरोवर का जल सदैव स्वच्छ बना रहता है। सरोवर की सीढ़ियां एवं दोनों ओर स्थित गजीबो भी है, जो कि परिसर के आकर्षण बढ़ाते हैं। सरोवर में म्यूजिकल फाउंटेन एवं नौकायन की सुविधा भी है। परिसर का विकास सुनियोजित ढंग से किया गया है। मुख्य मार्ग एवं ग्राम की तरफ से प्रवेश के लिए मुख्य द्वारों का निर्माण किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उक्त योजना का संचालन एवं कार्यों का रख-रखाव उच्च कोटि का है। हमारा प्रयास है कि राज्य के अन्य गंतव्य स्थलों पर भी यह मॉडल लागू हो। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को भ्रमण के लिए सामौर बाबा धाम भेजा जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।