Mathura lover reached to meet married girlfriend wearing a sari sprinkled petrol and set her on fire सा़ड़ी पहनकर शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, पेट्रोल छिड़क लगा दी आग, भागने में खुद भी घायल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Mathura lover reached to meet married girlfriend wearing a sari sprinkled petrol and set her on fire

सा़ड़ी पहनकर शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, पेट्रोल छिड़क लगा दी आग, भागने में खुद भी घायल

मथुरा में सा़ड़ी पहनकर प्रेमी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा। यहां प्रेमिका पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। शोर मचने पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी तो भागने के लिए छत से कूदकर खुद भी घायल हो गया।

Yogesh Yadav हिन्दुस्तान, फरह, (मथुरा) हिन्दुस्तान संवादTue, 11 March 2025 10:26 PM
share Share
Follow Us on
सा़ड़ी पहनकर शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, पेट्रोल छिड़क लगा दी आग, भागने में खुद भी घायल

मथुरा में फरह थाना क्षेत्र के गांव कौह में मंगलवार दोपहर साड़ी पहन कर घर में घुसे प्रेमी युवक ने शादीशुदा प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। महिला ने युवक को भी पकड़ा तो वह भी मामूली झुलस गया। महिला के चीखने पर प्रेमी अपने आप को ग्रामीणों से घिरता देख छत से कूद पड़ा। इससे वह भी गंभीर रूप घायल हो गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झुलसी महिला और घायल युवक को गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।

मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे गांव कौह निवासी संजू की पत्नी रेखा (30) घर पर अकेली थी। पति खेत पर मजदूरी करने गया था। उसके दो बच्चे गांव के प्राइमरी स्कूल में पढ़ने गये थे और वह कमरे में टीवी देख रही थी। आरोप है कि तभी महिला के वेश में साड़ी पहन कर घर में प्रेमी हसनपुर, पलवल निवासी उमेश (28) घुस आया। वह प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल लेकर आया था। वह कमरे में पहुंचा, जहां बैड पर बैठकर रेखा टीवी देख रही थी।

कमरे में पहुंचकर दोनों में कहासुनी हुई और तभी उमेश ने रेखा के ऊपर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी। आग लगते ही रेखा ने उमेश को पकड़ने की कोशिश की तो वह भी मामूली रूप से झुलस गया। जल रही रेखा के चीखने पर आसपास के लोग वहां पहुंचने लगे। लोगों को आते देख आरोपी छत पर भागा। वह गली में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

ये भी पढ़ें:गेस्ट हाउस में प्रेमिका की गोली मारकर हत्या, फिर हाथ में तमंचा लेकर चौकी पहुंचा

इस दौरान रेखा की चीख सुनकर ग्रामीण आग बुझाने में जुट गये। लेकिन तब तक रेखा बहुत ज्यादा जल चुकी थी। आरोपी को भी लोगों ने दबोच लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक फरह संजय कुमार पांडेय, रैपुराजाट चौकी प्रभारी तेजेन्द्र सिंह ने मौके पर पहुंच मामले की जानकारी की। पुलिस टीम ने दोनों की हालत गंभीर देख आनन फानन में एंबुलेंस की मदद से फरह सीएचसी पहुंचाया। हालत चिंताजनक होने पर आगरा एसएन में भर्ती कराया गया है। जहां पर महिला को करीब 70 प्रतिशत जला हुआ बताया गया है। दोनों का उपचार चल रहा है।

दस साल पहले हुई थी विवाहिता की शादी

बताते हैं कि गांव कौह निवासी संजू की शादी करीब 10 साल पहले वीरपुरा, फतेहाबाद, आगरा निवासी रेखा के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी रोशनी करीब 7 साल एवं बेटा विष्णु करीब 4 साल का है। दोनों बच्चे पढ़ रहे हैं तो संजू मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा है।

ये भी पढ़ें:चलती कार से बाहर झांक रहा था मासूम, अचानक बंद हो गया शीशा, गर्दन फंसने से मौत

आरोपी के साथ रह चुकी है रेखा छह माह

थाना पुलिस ने बताया कि रेखा उमेश के साथ 31 अगस्त 2024 को घर से चली गयी थी। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गयी। करीब पांच माह से भी अधिक समय रेखा प्रेमी आरोपी के साथ रही। पुलिस टीम 10 फरवरी 2025 को उसे बरामद कर लिया था। प्रभारी निरीक्षक फरह संजय पांडेय ने बताया कि आरोपी उसे किंजोर, हिमाचल प्रदेश में लेकर रहा था। महिला ने अपने बयानों में कहा था कि वह अपने बच्चों के साथ रहना चाहती है। आशंका है कि इसके बाद से महिला ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्रित किये हैं।

रेखा की दूरी से था आरोपी गुस्से में

ग्रामीणों ने बताया कि 10 फरवरी 2025 को लौटने के बाद से रेखा अपने पति व बच्चों के साथ खुश थी। इस दौरान उसने प्रेमी उमेश से बात करना भी बंद कर दिया था। शायद इसी बात से उमेश गुस्से में था और उसने मंगलवार को गांव कौह में उसके घर पहुंचकर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी।

ये भी पढ़ें:गर्ल फ्रेंड का सेक्स से इनकार तो किशोर से कुकर्म, बुर्का पहन पहुंची महिला दारोगा

आरोपी का साथी बाइक से छोड़ गया था कौह

ग्रामीणों ने बताया कि उमेश कौह में दोपहर को जब आया तो बाइक पर साड़ी पहनकर महिला के रूप में आया था। उसका कोई साथी उसे बाइक पर बैठाकर लाया था और बाइक सवार उसे घर के समीप उतारकर लौट गया था। आरोपी ने घर में घुस कर दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद जब महिला की चीख सुनी तो ग्रामीण उसके दरवाजे की तरफ दौड़े। ग्रामीणों को देखकर ही आरोपी दरवाजे से बाहर निकलने के बजाय छत पर चढ़ गया और कूदते समय घायल हो गया।

बहन की देवरानी है रेखा

आरोपी उमेश की बहन संजू के बड़े भाई विस्सो के लिये ब्याही है। उमेश का अपनी बहन की ससुराल आना जाना था। इसी दौरान उसकी नजदीकी बहन की देवरानी से बढ़ गयी।

थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय के अनुसार महिला करीब 70 प्रतिशत जली हुई है। आरोपी उमेश भी झुलस गया और छत से कूदने से घायल भी हुआ है। दोनों का एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में इलाज चल रहा है। अभी तक कोई तहरीर नही मिली है। पुलिस जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।