सुबह बारिश के बाद निकली धूप ने बढ़ाई गर्मी
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। जिले में कई दिनों से मौसम का उतार चढ़ाव हो रहा

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। जिले में कई दिनों से मौसम का उतार चढ़ाव हो रहा है। दो दिन से बारिश व धूप का सिलसिला चल रहा है। बुधवार को भी मौसम में उतार-चढ़ाव होता रहा। सुबह के समय धूप निकली। दो घंटे के बाद बदली शुरू हो गई। फिर दस बजे से बूंदाबांदी के साथ बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे की बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बारिश से शहर की गलियों में कीचड़ हो जाने से लोगों को आने जाने में दिक्कतें हुईं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश हुई। जिले में एक दिन पहले बारिश हुई। फिर दोपहर बाद धूप निकलने से गर्मी बढ़ गई।
बुधवार को सुबह के समय धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ गर्मी में तेजी आने लगी। उसके मौसम ने पलटी मारी। देखते-देखते लगभग नौ बजे के बाद बादल होने शुरू हो गए। उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के साथ बदली शुरू हो गई। दस बजते-बजते अंधेरा छा गया। इसके साथ ही तेज गरज चमक व बूंदाबांदी के साथ बारिश शुरू हो गई। जिला मुख्यालय पर लगभग आधे घंटे हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश से गलियों में कीचड़ हो गया। लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही कांटे, टेमा रहमत, भुजैनी, सेमरियावां, बेलहर के पिपरा बोरिंग, धर्मसिंहवा, मेंहदावल, मोलनापुर, नाथनगर, महुली, धनघटा क्षेत्र में गरज चमक के साथ बारिश हुई। बारिश के चलते मौसम ठंडा हो गया। लोगों को गर्मी से काफी राहत हुई। दो दिन की बारिश से गन्ना, उड़द, मूंग, मक्का व जायद के अन्य फसलों की सिंचाई हो गई। इससे किसानों को राहत हुई है। आम के बागानों की भी सिंचाई हो गई। इससे फलों की तेजी के साथ वृद्धि होगी। बारिश थमने के थोड़ी देर बाद फिर से मौसम ने पलटी मारी। आसमान साफ होने से निकली धूप से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। लोग परेशान रहे। धूप निकलने से तापमान भी 36 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 92 प्रतिशत व न्यूनतम आर्द्रता 48 प्रतिशत रही। हवाएं 7 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलती रहीं। नरेन्द्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी अमरनाथ मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के बादल छाए रहने एवं कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। सुबह हुई बारिश से लोगों को मिली राहत कांटे संवाद के अनुसार विकास खण्ड सेमरियावां क्षेत्र के दर्जनों गांव में बुधवार को सुबह हुई बरसात से लोगों ने राहत भरी सांस ली तो दूसरी तरफ किसानों को काफी फायदा रहा। खेत की जुताई को लेकर बारिश फायदेमंद होगी। साथ ही फसलों की सिंचाई भी हो गई। बुधवार की सुबह कांटे क्षेत्र के टेमा रहमत भेलवासी, बूधा कला, जिगिना, सौरहा सिहोंरवा, रजापुर सरैया, उमिला, डारीडीहा, केनौना, सेहरी भैंसा, खम्हारिया आदि गांव में बारिश होने से लोगों को राहत मिली। सुबह में करीब आधे घंटे तेज बारिश हुई। जिससे सड़कों पर पानी बह निकला। एक दिन पहले हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। बरसात होने से नर्सरी की तैयारी में जुटे किसान धर्मसिंहवा। धर्मसिंहवा क्षेत्र में सुबह हुई बरसात से धान की नर्सरी तैयार करने के लिए लगे किसानों को राहत मिली है। किसान अपने नर्सरी की तैयारी के लिए खेतों की जुताई शुरू कर दिए हैं।अभी तक खेत सूखा हुआ था इसलिए खेत की जुताई नहीं कर पा रहे थे। बरसात से किसानों के चेहरे खुशी आ गई है। अब खेती किसानी का काम शुरू हो जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।