आगरा की जामा मस्जिद में जानवर का सिर रखने वाला भेजा जेल, माहौल खराब करने की थी साजिश
- आगरा की जामा मस्जिद में जानवर का कटा सिर रखने वाले आरोपित नजरुद्दीन को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। उसके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धर्मस्थल को अपवित्र करने और आपराधिक साजिश की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।

आगरा की जामा मस्जिद में जानवर का कटा सिर रखने वाले आरोपित नजरुद्दीन को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। उसके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धर्मस्थल को अपवित्र करने और आपराधिक साजिश की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।
शहर की फिजा में जहर घोलने की थी नापाक कोशिश
शुक्रवार को जुमे की नमाज के दिन शहर की फिजा में जहर घोलने की नापाक कोशिश की गई थी। शाही जामा मस्जिद में जानवर का कटा सिर रखा गया था। पुलिस ने काजीपाड़ा, मंटोला निवासी नजरुद्दीन को पकड़ा था। उसने बताया कि अपने पिता और भाई को फंसाने के लिए उसने ऐसा किया था। इंस्पेक्टर मंटोला सत्यदेव शर्मा ने बताया आरोपित के पकड़े जाने के बाद भी कुछ युवकों ने जामा मस्जिद के बाहर हंगामा किया था। एक मुकदमा चौकी इंचार्ज सुभाष बाजार राजकुमार व्यास ने 50-60 अज्ञात युवकों के खिलाफ दर्ज कराया है।
बवाल कराने के लिए गहरी साजिश रची गई थी !
बवाल कराने के लिए गहरी साजिश रची गई थी। समझदारी, शांति, संयम और तत्परता ने साजिश को नाकाम किया। जुमे की नमाज पर जामा मस्जिद में करीब दो हजार नमाजी मौजूद रहते हैं। मस्जिद में जानवर का सिर मिला है, समाज के लोगों में इसे लेकर आक्रोश था। पुलिस सुबह से ही माहौल शांत करने के लिए सक्रिय हो गई थी। समाज के संभ्रांत लोगों को आगे किया। उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस शांत नहीं बैठी है।
100 से अधिक पुलिसकर्मी खुलासे में जुटे हैं। सुबह 11 बजे तक पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग थे। कुछ देर बाद ही पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया। आरोपित के पकड़े जाते ही पुलिस अधिकारियों ने सबसे पहले इमाम और इंतजामिया कमेटी को इसकी जानकारी दी।
पुलिस की सक्रियता और समझदारी काम आई
नमाज से पहले आरोपित गिरफ्तार नहीं होता, तो कुछ भी हो सकता था। जामा मस्जिद में करीब दो हजार नमाजी मौजूद थे। मस्जिद में जानवर के सिर की खबर सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। सुबह करीब 11 बजे तक पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों ने सबसे पहले इमाम और इंतजामिया कमेटी को इसकी जानकारी दी। आरोपित के सीसीटीवी फुटेज दिखाए।
जुमे की नमाज के समय नमाजियों से यह जानकारी साझा की गई। सभी को संयमित रहने को कहा गया। पुलिस आयुक्त को एलआईयू इनपुट मिला था कि नमाज के दौरान माहौल गर्मा सकता था। एहतियातन कई थानों का फोर्स लगाया गया। नमाज के बाद लौटते समय युवकों की एक टोली नारेबाजी करते हुए आरोपित को सुपुर्द करने की मांग करने लगी। पुलिस ने सख्ती के साथ लाठियां फटकारकर दूर तक खदेड़ दिया।