अल्मोड़ा में डेढ़ घंटे झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित
शनिवार को नगर और आसपास के क्षेत्र में मौसम फिर से बदल गया, जब करीब डेढ़ घंटे तक झमाझम बारिश हुई। लोग दुकानों में शरण लेने पर मजबूर हो गए। बारिश ने तापमान में गिरावट लाई और पानी के संकट से जूझ रहे...

नगर सहित आसपास के हिस्सों में शनिवार को फिर से मौसम का मिजाज बदला। करीब डेढ़ घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे घरों से निकले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों को दुकानों में शरण लेकर बारिश रुकने का इंतजार करना पड़ा। इन दिनों जिले भर में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। शनिवार की सुबह गुनगुनी धूप के साथ हुई। पूर्वाह्न 11 बजे तक धूप खिली रही। इसके बाद आसमान में बादलों का जमावड़ा लगना शुरू हुआ। करीब साढ़े 11 बजे तेज बौछारों के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे बिना तैयारी से घरों से बाहर निकले लोग अधर में फंस गए।
लोगों को बारिश से बचने के लिए दुकानों में शरण लेनी पड़ी। लोग काफी देर तक बारिश थमने का इंतजार करते रहे, लेकिन उनका इंतजार लंबा निकला। तेज बारिश का सिलसिला बदस्तूर जारी रहा। दोपहर एक बजे बारिश थमी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश होने से तापमान में भी गिरावट आ गई। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। वहीं, पानी का संकट झेल रहे लोगों को बारिश ने राहत दी है। सूखने की कगार पर पहुंचे जल स्रोतों में नई जान आई है। इसके अलावा वन विभाग को भी बारिश ने सकून दिया है। जमीन में नमी होने से आने वाले कुछ दिनों तक वनाग्नि की घटनाओं से छुटकारा मिल सकेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।