गौलापार से हटने लगा कूड़े का पहाड़, हजारों लोगों को राहत
- 7.88 करोड़ रुपये की लागत से लगा लीगेसी वेस्ट प्लांट नगर निगम ने किया
हल्द्वानी, संवाददाता। हजारों लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुके गौलापार स्थित कूड़े के पहाड़ को हटाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए गुरुवार को नगर निगम ने 7.88 करोड़ रुपये की लागत से लीगेसी वेस्ट प्लांट को शुरू कर दिया है। आपके प्रिय अखबार ‘हिन्दुस्तान की ओर से लोगों की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद निगम ने इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास शुरू किए थे। यहां कूड़े का पहाड़ हटने से नजदीकी कस्बे वनभूलपुरा की हजारों की आबादी को राहत मिलेगी वहीं गौलापार में आवाजाही करने वालों की समस्या दूर होगी। प्लांट का संचालन कर रही एजेंसी से किए गए अनुबंध के अनुसार अगले छह माह में कूड़े का निस्तारण कर लिया जाएगा।
गौलापार में बनाए गए ट्रंचिंग ग्राउंड में हर दिन हल्द्वानी नगर निगम के साथ ही जिले के अन्य निकायों से 207 मीट्रिक टन कूड़ा पहुंचता है। कई साल से कूड़े का निस्तारण नहीं किए जाने से यहां 1.39 लाख मीट्रिक टन कूड़ा जमा हो गया है। कूड़े के ढेर में लगातार आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं। जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों के साथ ही वनभूलपुरा के निवासियों का सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है। यहां से उठने वाली दूषित हवा बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को बीमार कर रही है। स्थिति यह है कि ट्रंचिंग ग्राउंड से उठने वाली दूषित हवा के कारण लोगों का अपने घरों की छतों पर जाना भी मुश्किल हो गया है। इसके अलावा सड़क तक कूड़ा बिखरा होने से लोगों का सड़क से निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोग लंबे समय से नगर निगम के साथ प्रशासनिक अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग करते रहे हैं। ‘हिन्दुस्तान ने बीते 18 जनवरी के अंक में बोले हल्द्वानी अभियान के तहत लोगों की इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इसका संज्ञान लेकर निगम ने कूड़े के निस्तारण के लिए लीगेसी वेस्ट प्लांट लगाने की कार्यवाही तेज की। गुरुवार को इसे शुरू कर दिया गया। इस दौरान मेयर गजराज सिंह बिष्ट, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, सहायक अभियंता नवल नौटियाल, सहायक लेखाधिकारी गणेश भट्ट मौजूद रहे।
कूड़ा हटने पर लगेगा चारकोल प्लांट
ट्रंचिंग ग्राउंड से कूड़े का पहाड़ हटने के बाद यहां कूड़े से चारकोल बनाने का प्लांट लगाया जाएगा। इसके लिए एनटीपीसी से नगर निगम का पहले ही अनुबंध हो गया है। इसके अनुसार यहां तीन सौ करोड़ की लागत से प्लांट लगाया जाना प्रस्तावित है। ऐसे में फिर से कूड़े का पहाड़ नहीं बनने की उम्मीद है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।