बरसात से पहले कल्याणी नदी की सफाई तेज, नगर निगम का महाअभियान शुरू
रूद्रपुर में नगर निगम ने कल्याणी नदी को पुनर्जीवित करने के लिए सफाई अभियान शुरू किया है। मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने इस कार्य का शुभारंभ किया। यह अभियान 20 दिनों तक चलेगा और इसमें...

रूद्रपुर। कल्याणी नदी को पुनर्जीवित करने के लिए नगर निगम ने सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने सफाई का काम शुरू करवाया। इस अभियान में दो पोकलैण्ड मशीनों, जेसीबी और कई डंपरों की सहायता से नदी की तली झाड़ सफाई की जा रही है। अटरिया रोड से लेकर किच्छा रोड तक यह कार्य आगामी बीस दिनों तक चलेगा। मेयर विकास शर्मा ने बताया कि कल्याणी नदी को उसके मूल स्वरूप में लाने के लिए 350 करोड़ रुपये का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। फिलहाल मानसून से पहले जलभराव और बाढ़ की समस्या से बचने के लिए नगर निगम ने यह सफाई अभियान छेड़ा है।
कल्याणी के साथ-साथ गंगापुर रोड स्थित बनरसिया और हल्दिया नहर की भी सफाई की जाएगी और रिवर फ्रंट विकसित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। इस अवसर पर उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, सहायक नगर आयुक्त राजू नवियाल सहित नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।