एक राष्ट्र, एक चुनाव से सरकारी धन की होगी बचत
विकासनगर, संवाददाता। भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से शुक्रवार को राज्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक राष्ट्र, एक चुनाव पर संगोष्ठी आ

भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से शुक्रवार को राज्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक राष्ट्र, एक चुनाव पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान वक्ताओं ने पूरे देश में एक साथ चुनाव कराने से होने वाले फायदे की जानकारी दी। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष संजय तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक राष्ट्र एक चुनाव की अवधारणा देश की अर्थव्यवस्था और सरकारी सुविधा के लिए बहुत ही आवश्यक है। बार-बार चुनाव कराने से सरकारी धन और प्रशासनिक संसाधनों की अत्यधिक खपत होती है। साल 2019 के चुनाव में चुनाव का खर्च 60 हजार करोड़ था जो 2024 के चुनाव में एक लाख 35 हजार करोड़ हो गया। एक साथ चुनाव होने से यह खर्चा काफी हद तक कम हो सकता है। आदर्श आचार संहिता के लागू होने से सरकारी योजनाओं और नीतियों पर रोक लग जाती है। इससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं। एक साथ चुनाव होने से इस समस्या से बचा जा सकता है। बार-बार चुनाव के कारण सरकारें अल्पकालिक लाभ के लिए काम करती हैं। एक साथ चुनाव होने से दीर्घकालिक योजनाओं और नीतियों को प्राथमिकता मिल सकेगी। लगातार चुनाव होने से मतदाताओं में चुनावी थकावट देखी जाती है। एक साथ चुनाव होने से मतदाता भागीदारी बढ़ने की संभावना है। बार-बार चुनाव होने से सामाजिक ध्रुवीकरण और विभाजनकारी राजनीति को बल मिलता है। इस अवसर पर सुमित टोंक, गौरव तोमर, आकाश कुमार, नरेश कुमार, सुधांशु तोमर, प्रशांत नेगी, आर्यन आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।