मिथिलेश पासवान हत्याकांड में वांछित अपराधी गिरफ्तार
आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता कुबेरचक धनडीहा गांव निवासी मिथिलेश पासवान की हत्या में एक वांछित गिरफ्तार

आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता कोईलवर थाने की पुलिस ने कुबेरचक धनडीहा गांव निवासी मिथिलेश पासवान की हत्या में एक वांछित को गिरफ्तार किया है। वह गड़हनी थाना क्षेत्र के दुबौली गांव निवासी विपिन दूबे का पुत्र अनिकेश दूबे उर्फ गोलू दुबे उर्फ गुलु उर्फ बाबा है। उसे गुरुवार की रात आरा स्टेशन रोड से गिरफ्तार किया गया है। उस मामले में पुलिस की ओर से अब तक छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसपी राज की ओर से प्रेस बयान जारी कर यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार चार जून 2024 की रात कुबेरचक धनडीहा गांव निवासी कुख्यात अपराधी मिथिलेश पासवान की गोली मार हत्या कर दी थी।
उसका शव सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाइवे पर कोईलवर थाना क्षेत्र के सकड्डी-धनडीहां मोड़ के पास से बरामद किया गया था। उस मामले में उसके भाई के बयान पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। आपसी वर्चस्व, पूर्व के विवाद और प्रेम प्रसंग में हत्या करने का आरोप लगाया गया था। हत्या में एक कुख्यात की बहन की भी नाम आया है, जो अब तक फरार चल रही है। पुलिस के अनुसार अब इस कांड में एक अभियुक्त की तलाश है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।