मनुष्य का ईश्वर से दूर होने से समाज में बढ़ रही विकृतियां: संत
सत्संग सुनने बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु, माहौल भक्तिमय भरगामा, एक संवाददाता भरगामा प्रखंड

सत्संग सुनने बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु, माहौल भक्तिमय भरगामा, एक संवाददाता
भरगामा प्रखंड स्थित खजुरी पंचायत के गांधीनगर गांव में गुरूवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय संतमत सत्संग अधिवेशन समापन हुआ। संतमत से जुड़े जिला स्तर के इस वार्षिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए। पूरे गांव में भक्ति की गूंज और अध्यात्म की अनुभूति ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। कार्यक्रम का आयोजन संतमत सत्संग की स्थानीय समिति द्वारा किया गया। इसमें भरगामा प्रखंड एवं आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भक्त, साधक एवं ग्रामीण जन भाग लेने पहुंचे। प्रवचन के दौरान संतमत के प्रमुख संत आचार्य महर्षि योगानंद परम हंस जी महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन की सार्थकता केवल ईश्वर भक्ति में है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति मनुष्य शरीर पाकर भी ईश्वर की आराधना नहीं करता, उसका जीवन पशु समान है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जैसे शरीर के लिए भोजन आवश्यक है, वैसे ही आत्मा के पोषण के लिए सत्संग और प्रभु स्मरण अनिवार्य है। श्री महाराज ने आगे कहा कि समाज में बढ़ रही विकृतियों का मूल कारण मनुष्य का ईश्वर से दूर होना है। यदि मनुष्य भगवान से जुड़ जाए, तो वह न केवल नैतिक बनेगा बल्कि समाज में प्रेम और शांति की स्थापना भी संभव होगी। सत्संग स्थल को भव्य पंडाल और आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अधिवेशन की अध्यक्षता कर रहे प्रो. इंदु कुमार सिंहा ने बताया कि गुरुवार को सहरसा के बैजनाथपुर आश्रम से पधारे संतों द्वारा बारी-बारी से प्रवचन दी गयी। कमिटी के सदस्य विधि-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठहरने, भंडारे और स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष व्यवस्था की गई थी। आयोजन में चंद्र किशोर यादव, अंकित राज, यशवंत कुमार, विक्रम यादव, कुमोद यादव, धीरेंद्र यादव, गजेंद्र यादव, राजकुमार साह, भुट्टो चौधरी, परमानंद पासवान, हृदय पासवान, मुनेश्वर यादव, लालू कुमार, नागेश्वर यादव समेत कई स्थानीय लोग सक्रिय रूप से लगे रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।