सड़कों पर सुखाए जा रहे मक्का से हादसे की बनी रहती है आशंका
भरगामा में सड़क किनारे मक्का सुखाने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी से राहगीरों में आक्रोश है। किसानों का कहना है कि उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क का उपयोग करना मजबूरी...

भरगामा , निज संवाददाता। सड़कों पर इन दिनों जगह-जगह सड़क किनारे मक्का सुखाए जाने से सड़कों हादसे की भी आशंका बढ़ी है। वहीं आवागमन कर रहे राहगीरों की भी परेशानी बढ़ी हैं। जिला प्रशासन के सख्त निर्देश का पालने नहीं होने से राहगीरों में आक्रोश है। बताया गया कि अररिया-सुपौल एनएच 327 पर हांसा चौक से लेकर भरगामा के रहड़िया गांव के बीच तथा रानीगंज मिर्जापुर के बीच सड़क पर धड़ल्ले मक्का सुखाये जा रहे हैं। इससे वाहन चालक परेशान हैं। हालांकि किसानों का कहना है कि मक्का सुखाने की उचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण मक्का सुखाने के लिए सड़क का उपयोग करना मजबूरी बनी हुई है।
बताया गया कि भरगामा रानीगंज के बीच राधा रमन स्थान से लेकर रेशम लाल चौक तक करीब पांच किलोमीटर सड़क 327 ई पर पिछले एक सप्ताह से मक्का सुखाया जा रहा है । इस कारण व्यस्त सड़कों पर लोड और तेज परिचालन से दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। हालाकि गांव की भी पक्की सड़कों पर मक्का का ढेर लगा रहता है। इससे ग्रामीण सड़कों पर भी आवागमन मे परेशानी बढ़ गई है क्योंकि सड़क पर मक्का पड़ा होने से सड़क संकरी हो जाती है। इससे वाहन चालक दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। वहंी रानीगंज-मिर्जापुर के बीच भी सड़क पर काफी किसान प्रतिदिन मक्का सुखाते हैं। मालूम हो कि अररिया-सुपौल एनएच सड़क पर पिछले साल मक्का सुखाने के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी है। इसके बावजूद इस बार भी इस सड़क पर जगह-जगह मक्का सुखाया जा रहा है जबकि इस सड़क पर पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारियों के वाहन गुजरते हैं बावजूद इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है। मक्का सुखाने वाले लोग रात में भी उसे नहीं हटाते हैं। वाहन चालकों का कहना है कि सूख रहा मक्का रोड का काफी हिस्सा घेर लेता है। इससे बड़े वाहनों के गुजरते समय पैदल या बाइक के लिए जगह ही नहीं बचता। ओवरटेकिंग व सामने से आने वाले वाहनों को काफी परेशानी होती है। रात में यह परेशानी और भी बढ़ जाती है। इधर युवा नेता बबलू रजक, रमण सिंह, रविंद्र यादव, बंटी सिंह , अमर चौहान , सनदेव शर्मा , बबलू सिंह, सजय यादव का कहना है कि सड़कों पर मक्का सुखाए जाने के चलते इससे फिसलने से बाइक सवार आए दिन चोटिल हो रहे हैं। इनलोगों का कहना था कि सड़कों पर मक्का सुखाने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करें वहीं मक्का सुखाने के लिए गावो मे सरकारी स्तर पर चबूतरा निर्माण कराने की पहल करना चाहिए। सड़क पर मक्का सुखाना नियम के विरूद्ध है। व्यस्त सड़क पर मक्का सुखाने एवं रखने वालों के विरुद्ध सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील किया है कि वह सड़कों पर मक्का नही सुखाए अन्यथा उसपर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। - निरंजन मिश्रा, अंचल पदाधिकारी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।