किसी सूरत में मुख्यमंत्री नहीं बन सकते, दिन में सपने देखने दीजिए; तेजस्वी पर उपेंद्र कुशवाहा का निशाना
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि वो किसी भी हालत में 2025 में मुख्यमंत्री नहीं बन सकते। वो सिर्फ ख्याली पुलाव पका रहे हैं। उनका काम है, सपने देखना, उनको सपना देखने दीजिए।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वो किसी भी हालत में 2025 में मुख्यमंत्री नहीं बन सकते। वो सिर्फ ख्याली पुलाव पका रहे हैं। उनका काम है, सपने देखना, उनको सपना देखने दीजिए। बिहार में हर हालत में सरकार एनडीए की ही बनेगी। उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को दिल्ली रवाना होने के पहले पटना एयरपोर्ट पर कहा कि इसमें कहीं कोई इफ और बट नहीं है। अगर दिल्ली में कुछ निगेटिव भी होता फिर भी बिहार में एनडीए की सरकार ही बनती इसमें किसी तरह की शंका नहीं है।
रालोमो के अध्यक्ष ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को दिन में सपने देखने दीजिए। 2025 में किसी भी सूरत में वो मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। राज्य में एनडीए की ही सरकार बनेगी। आपको बता दें हाल ही में आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने कहा था कि हर साल में तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाना है। महागठबंधन को एकजुट होकर चुनाव लड़ना है। ये बयान लालू ने नीतीश कुमार के गृह जनपद नालंदा में दिया था।
तेजस्वी पर एनडीए पूरी तरह से हमलावर है। इससे पहले जेडीयू के नेताओं ने भी निशाना साधा था। वहीं आज वैशाली में बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि दिल्ली में गुरू की हार हुई है। अब बिहार में चेले की हार तय है। 2005 से पहले बिहार में सिर्फ लालटेन जलती थी। लेकिन अब पूरे राज्य में बिजली चल रही है। जायसवाल ने कहा कि विपक्ष को बिहार का विकास नहीं दिखता है, क्योंकि उन्हें मोतियाबिंद हो गया है।