तेज आंधी के साथ हुई वर्षा ने किसानों की बढ़ाई मुश्किलें
शंकरपुर में आंधी और बारिश ने किसानों की समस्याएँ बढ़ा दी हैं। बुधवार को हुई झमाझम बारिश से रबी फसल, खासकर गेहूं, को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में रखी गेहूं की बाली और तैयार फसल बर्बाद हो गई है।...

शंकरपुर,संवाद सूत्र। आंधी और बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। बुधवार सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश से रबी फसल को नुकसान पहुंचा है। खेतों में काटकर रखी गयी गेहूं की बाली और थ्रेसर से तैयार की जा रही गेहूं फसल आंधी और बारिश की चपेट में आने से बर्बाद हो गया। खेतों में तैयार गेहूं और खलिहान में रखे गेहूं का बोझ बारिश में भीगकर बर्बाद हो गया। इस बार किसानों को गेहूं की फसल से काफी उम्मीद थी। लेकिन मौसम ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। प्रखंड के कई इलाकों में सैकड़ों क्विंटल गेहूं की फसल बर्बाद होने की बात कही जा रही है। प्रगतिशील किसान उपेंद्र कुमार योगी, पूर्व मुखिया राजेंद्र यादव, देवनारायण यादव, राजेश कुमार ने बताया कि गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है हालांकि मक्का की फसल को थोड़ी राहत मिली है। तेज गर्मी से मक्का के पौधे सूखने लगे थे। पटवन के बावजूद खेतों में नमी नहीं टिक रही थी। बारिश से आम, लीची और मूंग की फसल को भी फायदा हुआ है। अनुमंडल कृषि पदाधिकारी संजीव कुमार तान्ती ने बताया कि गेहूं की लगभग 70 प्रतिशत फसल कट चुकी है। 30 प्रतिशत किसानों को परेशानी हो रही है। अब तक किसी किसान की ओर से शिकायत नहीं मिली है।
एक बैठक कर फसल का आकलन किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।