जिले में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, किसानों को होगा लाभ
नवादा जिले में मौसम ने एक बार फिर बदलाव किया है। शुक्रवार को धूप और बादलों के बीच झमाझम बारिश हुई, जिससे किसानों में खुशी है। बारिश से फसल को लाभ होगा। हालांकि, जलजमाव के कारण लोगों को कठिनाइयों का...

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। नवादा जिले में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला है। शुक्रवार की सुबह निकली धूप और बीच-बीच में बादलों के कारण शाम को हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। हालांकि सदर अस्पताल से लेकर कलेक्ट्रेट और विजय बाजार से लेकर मेन रोड तक जलजमाव से भारी परेशानी हुई। वहीं इस बारिश के कारण किसानों में खुशी देखी जा रही है। बारिश होने से सबसे ज्यादा लाभ जिले की खेतीबारी को होगी, क्योंकि 25 मई से रोहिणी नक्षत्र शुरू होगा। इसी नक्षत्र में किसान धान का बिचड़ा डालते हैं। यह नक्षत्र 15 दिनों तक रहेगा। बिचड़ा तैयार होने पर किसान धान की रोपनी कराएंगे।
शुक्रवार को धूप व बादल के बीच हवा 4 से 14 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही थी। नवादा की हवा में नमी व बादल बारिश के कारण 24 घंटों में शुक्रवार को तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी न्यूनतम तापमान में भी चार डिग्री की गिरावट रही। इस दौरान जिले में बूंदाबांदी के साथ कई जगह बारिश भी जारी रही। हालांकि कुछ जगहों पर धूप भी निकली रही। कुल मिला कर विगत दो-तीन दिनों की तरह ही सुबह धूप, दोपहर में बादल और शाम-शाम तक बूंदाबांदी वाला ही मौसम बना रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बादलों के रुख के कारण पूरी संभावना है कि शनिवार को भी अधिकतम तापमान लगभग ऐसी ही रहेगी अथवा मामूली गिरावट आएगी। जिले के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट आएगी। शनिवार और रविवार को फिर से हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान जिले में कहीं कम तो कहीं अधिक वर्षा होने का सिलसिला जारी रह सकता है। कृषि मौसम वैज्ञानिक रौशन कुमार ने बताया कि हवा में नमी और बादल तापमान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हवा में नमी की उपस्थिति से तापमान कम हो जाता है, क्योंकि वाष्पीकरण की प्रक्रिया में ऊर्जा को अवशोषित किया जाता है। बादल सूर्य के प्रकाश को रोकते हैं, जिससे जमीन की सतह का तापमान कम हो जाता है। -------------------------- अकबरपुर में वज्रपात से युवक की मौत अकबरपुर। अकबरपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के निवासी सोहर महतो के पुत्र अरुण कुमार की मौत वज्रपात से हो गई। वह 32 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार वह अपने खेतपर काम कर रहे थे। रिमझिम बरसा होने लगी। इसी बीच वह एक पीपल के पेड़ के निकट जाकर छुप गए। इसी बीच पीपल के पेड़ पर वज्रपात हुआ और उसकी मौत घटनास्थल पर हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और शब को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया गया। घटना शुक्रवार की शाम घटी। युवक की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।