हड़ताल समाप्त न करने वाले राजस्वकर्मियों पर होगी कार्रवाई
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने हड़ताल पर गए राजस्वकर्मियों से तुरंत काम पर लौटने की अपील की है। अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हड़ताल कर रहे कर्मचारियों से...

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने कहा है कि हड़ताल पर गए राजस्वकर्मी अविलंब अपने काम पर लौट जाएं। ऐसा नहीं होने पर राजस्वकर्मियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने सभी जिलों के डीएम को निर्देश भेजा है। पत्र में कहा गया है कि कई जिलों के राजस्व कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने की सूचना है। जिन जिलों में राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर हैं, वहां संबंधित डीएम कर्मियों को बुलाकर उनसे वार्ता करें और हड़ताल समाप्त करने के लिए कहें। अगर इसके बाद भी कर्मी नहीं मानते हैं तो इनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की जाए।
इन कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन विभागीय मुख्यालय को भी जल्द भेजा जाए। अपर मुख्य सचिव के स्तर से जारी इस पत्र में स्पष्ट रूप से यह निर्देश दिया गया है कि किसी जिले में राजस्व कर्मी अकस्मात हड़ताल पर नहीं जाएं, इससे सरकार के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम बाधित हो रहे हैं। विभाग ने कहा है कि राजस्व कर्मियों के एक गुट ने राज्य मुख्यालय में अपनी सेवा संबंधित समस्याओं एवं मांगों के संबंध में ज्ञापन दिया था। इस पर विभाग के स्तर से गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। उनकी प्रमुख मांगें ऐसी हैं, जिनका निर्णय वित्त विभाग की सहमति एवं राज्य सरकार का अनुमोदन के पश्चात ही लिया जा सकता है। इनमें राजस्व विभाग के स्तर से निर्णय नहीं लिया जा सकता है। इसके मद्देनजर इन बिन्दुओं पर निर्णय होने में समय लगने की संभावना है। औपचारिक रूप से किसी भी जिले से कर्मियों के हड़ताल पर जाने से संबंधित कोई भी सूचना आधिकारी तौर पर प्राप्त नहीं हुई है। मगर अपुष्ट जानकारी के आधार पर जब कुछ जिलों के डीएम से जानकारी प्राप्त की गई, तो उनके स्तर से राजस्व कर्मचारी के हड़ताल पर जाने की बात बताई गई है। इसके आधार पर विभाग के स्तर से यह आदेश जारी किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।