बारिश से किसान खुश,मौसम भी ठंडा
सिंघिया में शनिवार रात हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। गर्मी से राहत मिली और मक्का, गेहूं जैसी फसलों को संजीवनी मिली। हालांकि, तेज हवा के साथ बारिश से आम और लिची के पेड़ों को नुकसान हुआ है।...

सिंघिया। प्रखंड क्षेत्रों में शनिवार की देर रात हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं बढ़ रहे गर्मी से भी लोगों को राहत मिली है। खेतों में मुरझाती गेहूं, मक्का व अन्य फसलों को संजीवनी मिल गई है। खासकर मक्का के फसलों में लगातार बह रहे पछुआ हवा के कारण सिंचाई करते किसान थक चुके थे। ऐसे में झमाझम बारिश से उन्हें एक पटवन का लाभ जरूर मिला है। किसान मोहन पासवान, सुशील सिंह आदि ने बताया कि यह बारिश मक्का और अन्य रबी फसलों के लिए वरदान से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि गेहूं के फसलों को भी फायदा हुआ है। वहीं तेज हवा के साथ बारिश से आम और लिची को नुकसान पहुंचा है। पेड़ो में लगे मंजर पर इसका प्रतिकूल असर हुआ है। विदित हो कि क्षेत्र में आम और लीची के पेड़ों में मंजर लदा था। किसानों को उम्मीद थी कि इस बार आम और लिची के फसलों का अच्छी पैदावार होगी। लेकिन तेज हवा के साथ हुई बारिश से अधिकांश मंजर झड़ गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।