वैशाली में बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, तीन होटल सील, कई लोग गिरफ्तार
वैशाली जिले के प्रसिद्ध अभिषेक पुष्करणी सरोवर के पास कई होटल में पुलिस ने छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। होटल से महिलाओं, लड़कियों समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।

बिहार के वैशाली जिले में शनिवार को पुलिस ने बड़े पैमाने पर चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। वैशाली थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक अभिषेक पुष्करणी सरोवर के पास स्थित कई निजी होटल में पुलिस ने छापेमारी की। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अवैध रूप से देह व्यापार चलाने के आरोप में तीन होटल को सील किया है। सेक्स रैकेट में संलिप्त कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इनमें कई महिला सेक्स वर्कर और अन्य पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि वैशाली के ऐतिहासिक अभिषेक पुष्करणी सरोवर के पास अवैध रूप से सेक्स रैकेट चलाया जा रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक के बाद एक कई होटल में रेड मारी। इससे होटल में मौजूद कर्मचारियों और सेक्स वर्कर में अफरातफरी मच गई। होटल के कमरों से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों को गिरफ्तार किया है। उन्हें थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। सेक्स रैकेट के सरगना के बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने उन होटल को सील कर दिया है, जहां धड़ल्ले से देह व्यापार चलाया जा रहा था। देह व्यापार के गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। छापेमारी टीम में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी एवं पदाधिकारी शामिल रहीं।