chhattisgarh weather rain with strong storm yellow alert in many districts before monsoon छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी, रेड और ऑरेंज अलर्ट; किन जिलों में टूटकर बरसेंगे बदरा?, Chhattisgarh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsछत्तीसगढ़ न्यूज़chhattisgarh weather rain with strong storm yellow alert in many districts before monsoon

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी, रेड और ऑरेंज अलर्ट; किन जिलों में टूटकर बरसेंगे बदरा?

छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले ही लगातार आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग की ओर से कई जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, रायपुरTue, 27 May 2025 07:27 PM
share Share
Follow Us on
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी, रेड और ऑरेंज अलर्ट; किन जिलों में टूटकर बरसेंगे बदरा?

छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून की बारिश शुरू हो गई है। रायपुर सहित कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट भी है। इस दौरान तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की घटना भी हो सकती है। मानसून की एंट्री से पहले ही प्रदेश के अलग अलग जिलों में लगातार बारिश से तापमान में गिरावट है।

सावधान रहने की सलाह

बारिश और ठंडी हवाओं के कारण भीषण गर्मी का असर लगभग खत्म हो गया। देश में नौतपा का आज तीसरा दिन है, लेकिन छत्तीसगढ़ में नौतपा बेअसर लग रहा है। गर्मी के दिनों में रेनकोट बाहर निकल आए हैं। बादल गरजने और बिजली गिरने की गतिविधि भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आम लोगों को सावधान रहने की सलाह जारी की है।

इन जिलों में टूटकर बरसेंगे बदरा

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने छत्तीसगढ़ के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाडा, बस्तर, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा -मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिले में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

50 की स्पीड से चलेंगी हवाएं

वहीं कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। यहां बारिश के साथ मेघगर्जन होने और आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट तीन घंटों के लिए जारी किया है।

मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। अगले तीन दिनों में इसके मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र के अतिरिक्त इलाकों, कर्नाटक के शेष भागों, तेलंगाना के कुछ क्षेत्रों, आंध्र प्रदेश, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत के शेष राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ और हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है।

प्री-मानसूनी गतिविधियां बढ़ीं

मानसून के आगे बढ़ने के साथ प्री-मानसूनी गतिविधियां भी बढ़ गई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हो रही है। मराठवाड़ा और उससे सटे क्षेत्रों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके साथ एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है, जो मध्य क्षोभमंडल तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा में झुका हुआ है। इसके अतिरिक्त, एक और ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर सक्रिय है।

अंधड़ चलने और बारिश का अलर्ट

इसी क्षेत्र से एक ट्रफ लाइन तटीय आंध्र प्रदेश तक फैली हुई है, जो दक्षिण कोकण, मराठवाड़ा और तेलंगाना होते हुए गुजर रही है। इसके प्रभाव से कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने, कुछ क्षेत्रों में तेज गर्जना के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की संभावना है। प्रदेश में मुख्य रूप से बस्तर संभाग, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में भारी वर्षा की संभावना अधिक है।

35 डिग्री से नीचे पहुंचा अधिकतम तापमान

छत्तीसगढ़ में आगामी कुछ दिनों तक आसमान पर काले बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग के जिले और मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव-बिलासपुर जिले के अधिकतर स्थानों पर बारिश हो सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग के जिलों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

इन जिलों में अच्छी बारिश

एक दिन पहले छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक तापमान 34.7 डिग्री रायपुर में रिकार्ड किया गया। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गरियाबंद जिले में सबसे ज्यादा 43 मिमी बारिश रिकार्ड किया गया। दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, दुर्ग-रायपुर, कांकेर, धमतरी जिले में भी अच्छी बारिश हुई है।

रिपोर्ट- संदीप दीवान

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।