यशस्वी जायसवाल का ऑरेंज कैप का सपना टूटा, नूर अहमद का फायदा; खतरे में प्रसिद्ध कृष्णा का सिंहासन
IPL 2025 Orange Purple Cap Updated List: युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का ऑरेंज कैप का सपना टूट गया है। वहीं, नूर अहमद ने पर्पल कैप की रेस में प्रसिद्ध कृष्णा की बराबरी कर ली है।

IPL 2025 Orange Purple Cap Updated List: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच आईपीएल 2025 का 62वां मैच खेला गया। आरआर ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 6 विकेट से जीत हासिल की। आरआर ने मंगलवार को 188 रनों का टारगेट 17 गेंद बाकी रहते चेज किया। इस मैच के बाद ऑरेंज कैप की रेस में कोई बदलाव नहीं हुआ। हालांकि, राजस्थान के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का ऑरेंज कैप का सपना टूट गया। दरअसल, आरआर 18वें सीजन में लीग चरण से आगे नहीं बढ़ सकी।
यशस्वी ने सीएसके के सामने आखिरी लीग मैच में 19 गेंदों में 36 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और दो छक्के शामिल हैं। वह जारी सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर बरकरार हैं। उन्होंने 14 मैचों में 43.00 की औसत से 559 रन बनाए। यशस्वी के बल्ले से 6 अर्धशतकीय पारियां निकलीं। ऑरेंज कैप फिलहाल गुजरात टाइटंस के ओपनर साई सुदर्शन के सिर सजी है। उन्होंने 12 मैचों में 56.09 की औसत से 617 रन जुटाए हैं। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 12 मुकाबलों में 601 रन जोड़े हैं। अभी तक 6 खिलाड़ी 500 प्लस रन बना चुके हैं।
आईपीएल 2025 ऑरेंज कैप लिस्ट-
प्लेयर | मैच | रन | औसत |
साई सुदर्शन | 12 | 617 | 56.09 |
शुभमन गिल | 12 | 601 | 60.10 |
यशस्वी जायसवाल | 14 | 559 | 43.00 |
सूर्यकुमार यादव | 12 | 510 | 63.75 |
विराट कोहली | 11 | 505 | 63.12 |
जोस बटलर | 12 | 500 | 71.42 |
केएल राहुल | 11 | 493 | 61.62 |
प्रभसिमरन सिंह | 12 | 458 | 38.16 |
निकोलस पूरन | 12 | 455 | 41.36 |
मिचेल मार्श | 11 | 443 | 40.27 |
पर्पल कैप अभी गुजरात के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के पास है। हालांकि, प्रसिद्ध का सिंहासन खतरे में है। सीएसके के स्पिनर नूर अहमद का फायदा हुआ। उन्होंने प्रसिद्ध की बराबरी कर ली है। नूर ने 13 मैचों में 21 शिकार किए हैं। उन्होंने राजस्थान के विरुद्ध एक विकेट चटकाया लेकिन वह महंगे साबित हुए। नूर ने तीन ओवर के स्पेल में 42 रन खर्च कर डाले। वहीं, प्रसिद्ध ने 12 मैचों में 21 विकेट हासिल किए हैं। प्रसिद्ध और नूर के बाद सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में जोश हेजलवुड का नंबर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का हिस्सा हेजलवुड ने 10 मैचों में 18 विकेट अपने नाम किए।
आईपीएल 2025 पर्पल कैप लिस्ट-
प्लेयर | मैच | विकेट | औसत |
प्रसिद्ध कृष्णा | 12 | 21 | 17.57 |
नूर अहमद | 13 | 21 | 18.42 |
जोश हेजलवुड | 10 | 18 | 17.27 |
ट्रेंट बोल्ट | 12 | 18 | 19.88 |
वरुण चक्रवर्ती | 12 | 17 | 19.35 |
अर्शदीप सिंह | 12 | 16 | 21.93 |
वैभव अरोड़ा | 11 | 16 | 24.43 |
साई किशोर | 12 | 15 | 19.60 |
हर्षल पटेल | 11 | 15 | 24.66 |
मोहम्मद सिराज | 12 | 15 | 27.06 |