Haryana assembly huge uproar over Gohana Jalebi BJP ministers and MLAs clash गोहाना की जलेबी पर हरियाणा विधानसभा में हंगामा, भाजपा के मंत्री और विधायक ही ​भिड़ गए, Haryana Hindi News - Hindustan
Hindi Newsहरियाणा न्यूज़Haryana assembly huge uproar over Gohana Jalebi BJP ministers and MLAs clash

गोहाना की जलेबी पर हरियाणा विधानसभा में हंगामा, भाजपा के मंत्री और विधायक ही ​भिड़ गए

  • अरविंद शर्मा ने विभिन्न राज्यों में भाजपा की जीत पर गोहाना की जलेबियों का बार-बार जिक्र किया। सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने शर्मा की बात को काटते हुए कह दिया कि गोहाना की जलेबियों में अब वो बात नहीं रही।

Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान, मोनी देवीTue, 11 March 2025 09:16 PM
share Share
Follow Us on
गोहाना की जलेबी पर हरियाणा विधानसभा में हंगामा, भाजपा के मंत्री और विधायक ही ​भिड़ गए

हरियाणा के गोहाना की जलेबियां अपनी मिठास और स्वाद के कारण देश भर में मशहूर हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव में सियासी चर्चा का केंद्र रहने वाली यह जलेबी दिल्ली चुनाव में भी चर्चाओं में रही। लेकिन आज हरियाणा विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन विधानसभा में इसी गोहाना की जलेबी पर सत्तारूढ़ भाजपा के मंत्री और विधायक के रिश्तों में खटास पैदा हो गई। हरियाणा विधानसभा में मंगलवार को सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गोहाना की जलेबी की तारीफ करते हुए कांग्रेसियों पर ऐसा तंज कसा कि अपनी ही पार्टी में जलेबी की मिठास कटुता में घुल गई।

ये भी पढ़ें:हरियाणा 11 March 2025 का वेदर और AQI: न्यूनतम तापमान 19.44°C, जानें कैसा रहेगा शहर में आज का मौसम
ये भी पढ़ें:हरियाणा में महिला थाने की ASI गिरफ्तार, दहेज के केस में मांग रही थी रिश्वत

मंत्री अरविंद शर्मा सदन में अपने क्षेत्र की जलेबी की चर्चा करते हुए सोमवार को विधायकों की जलेबी पार्टी करने का वायदा किया, लेकिन इसी बीच भाजपा के ही विधायक रामकुमार गौतम ने उस पर पानी फेर दिया। हालात यह हुए कि दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। बहस में दोनों नेता एक-दूसरे की निजी जिंदगी में चले गए और गौतम ने भ्रष्टाचार का आरोप लगा दिया। इस दौरान सदन में खूब ठहाके तो लगे पर बाद में स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की कार्रवाई को सदन से बाहर कर दिया।

गोहाना की जलेबियों पर जबरदस्त हंगामा

विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान गोहाना की जलेबियों पर जबरदस्त हंगामा हुआ। भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक दोनों ही भाजपा के ब्राह्मण नेता हैं। अरविंद शर्मा ने विभिन्न राज्यों में भाजपा की जीत पर गोहाना की जलेबियों का बार-बार जिक्र किया। सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने शर्मा की बात को काटते हुए कह दिया कि गोहाना की जलेबियों में अब वो बात नहीं रही। अब जलेबी शुद्ध नहीं रही। अब देसी घी में नहीं डालडा में बनाई जाती है। भाजपा विधायक के इस तंज पर अरविंद शर्मा ने गौतम पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि ये पता नहीं किस-किस दुकान पर चले जाते हैं। यह जलेबी मुख्यमंत्री ने उतारी थी। इनके बारे में कई चर्चाएं हो रही हैं। ये तो 10 किलो गोबर तक पी गए थे।

'अरविंद शर्मा न जाने कितनों के पैसे मार गया'

अरविंद शर्मा की इस टिप्पणी से रामकुमार गौतम गुस्से में आ गए। उन्होंने शर्मा पर बड़ा आरोप लगा दिया। गौतम ने कहा कि यह अरविंद शर्मा न जाने कितनों के पैसे लेकर मार गया, मेरे रिश्तेदार के भी पैसे नहीं दिए। गौतम के आरोपों पर शर्मा ने कहा कि अगर कोई एक भी बात सिद्ध कर दें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। दोनों नेताओं की बहस पर कांग्रेस विधायक डॉ. रघुवीर कादियान ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस सदन की गरिमा को बनाए रखा जाना चाहिए। इतना भी ढीला मत छोड़ो कि ऐसे-ऐसे आरोप लगाने की नौबत आ जाए।

17 मार्च को गोहाना की जलेबी पार्टी दूंगा: शर्मा

रामकुमार गौतम ने कहा कि अरविंद शर्मा लोगों से पेट्रोल पंप दिलवाने के नाम पर पैसे लिए हैं। मेरे रिश्तेदार से 10 लाख रुपये लिए थे। अरविंद शर्मा मंत्री बन गया, लेकिन मंत्री के काबिल नहीं है। इस हंगामे पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने कहा कि इस शब्दावली को रिकॉर्ड में नहीं लिया जाएगा। स्पीकर कल्याण ने अरविंद शर्मा से कहा कि आपने गोहाना की जलेबी का बार-बार नाम लेकर मुंह में पानी ला दिया, लेकिन ये नहीं बताया कि आप खिलाओगे कब। इस पर शर्मा ने सदन में घोषणा की कि 17 मार्च को गोहाना की जलेबी पार्टी मेरी ओर से दी जाएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।