गर्मी ने दिखाए प्रचंड रुप, दूसरे दिन भी पारा 42 के पार
गिरिडीह में गर्मी का प्रचंड असर देखने को मिल रहा है। अप्रैल के तीसरे सप्ताह में तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लोग गर्मी से बेहाल हैं और बाजारों में सन्नाटा है। मौसमी फलों की बिक्री बढ़...

गिरिडीह, प्रतिनिधि। गर्मी का प्रचंड रुप जारी है। अप्रैल के तीसरे सप्ताह में लोग गर्मी से बेहाल हैं। इस सीजन में पहली बार तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है। दोपहर में धूप इतनी कड़क हो रही है कि चेहरा और हाथ को कवर करने के बाद भी लोग जलन महसूस कर रहे हैं। दोपहर के साथ अब रात में भी गर्मी लोगों को बेचैन कर रही है। लोग घरों से निकलने में कतरा रहे हैं। गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर रही है। लोगों को न तो घर पर आराम मिल रहा है और न बाहर में। बेजुबानों को भी गर्मी परेशान कर रही है। इससे महिलाएं, बच्चों के साथ मजदूर वर्ग के लोग भी खासे परेशान हैं। दो दिन से है भीषण गर्मी
जिले में पिछले दो दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस पर था, वहीं बुधवार को तापमान थोड़ा कम 42.1 डिग्री सेल्सियस पर रहा। न्यूनतम तापमान दोनों ही दिन 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इधर गर्मी का असर बाजार पर भी पड़ रहा है। दोपहर के समय बाजार और सड़कों पर सन्नाटा रहा। लोगों का कहना है कि इस बार जिस तरह से रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। उससे लग रहा है कि मई-जून में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
मौसमी फलों की बिक्री बढ़ी: गर्मी को देखते हुए मौसमी फलों की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। सेब, संतरा, तरबूज, खरबूजा, बेल, आम, अंगूर सहित रसदार फलों के दाम सामान्य दिनों से ऊपर है। सतू-शर्बत की भी बिक्री एकाएक बढ़ गई है। गर्मी को देखते हुए हर चौक और प्रमुख सड़कों पर दो-चार ठेले लगे देखे जा सकते हैं। बोतल बंद जार का भाव भी दो-तीन रुपए बढ़ा है, जहां रोजाना 12 रुपए में पानी बोतल बिकते थे, वहां अब ठंडा देने की बात कहकर दुकानदार सीधे 15 रुपए ग्राहक से ले रहे हैं। ब्रांडेड पानी की बोतल 20 रुपए में बिक रही है। इधर तेज गर्मी से मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ गए हैं। महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।