विवाहिता के पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
जमुआ थाना क्षेत्र के बेलकुंडी गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता रिया सिन्हा का शव फंदे से लटका मिला। उसके पिता ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। रिया की शादी 16 अप्रैल 2025 को हुई थी, और शादी के तीन...

जमुआ, प्रतिनिधि। जमुआ थाना क्षेत्र के बेलकुंडी गांव में 19 वर्षीय नव विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला था। इस मामले में मृतका रिया सिन्हा के पिता इसी थाना क्षेत्र के गांडो निवासी बिनोद सिन्हा ने मंगलवार को जमुआ पुलिस को आवेदन देकर रिया के ससुराल वालों पर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। आवेदन में बिनोद सिन्हा ने कहा है कि उन्होंने अपनी बेटी रिया की शादी 16 अप्रैल 2025 को बेलकुंडी निवासी अमर कुमार सिन्हा के साथ की थी। शादी के तीन दिनों के बाद से ही सास,भैंसूर, देवर और जेठानी के द्वारा दो लाख नगद, एक मोटर साइकिल, सोना के चेन की मांग करने लगे।
इसी क्रम में उक्त लोग रिया के साथ मारपीट भी की जाने लगी। जानकारी होने पर उन्होंने रिया के ससुराल वालों को आश्वस्त किया कि एक साल के अंदर उनकी मांगों को पूरा कर देंगे। आवेदन के अनुसार 10 मई को रिया अपने मायके आई थी। बताया कि देवर शुभम सिन्हा उनके साथ ज्यादा मारपीट एवं प्रताड़ित करता है। उसी दिन शुभम सिन्हा उनके मायके गांडो आया और यह कहकर रिया को अपने साथ बेलकुंडी ले आया और बोला कि अब हमलोग उनके साथ मारपीट नहीं करेंगें। रिया ने पुनः फोन करके बताया कि शुभम अब भी मारपीट एवं गाली गलौज कर रहा है। जब उन्होंने शुभम से बात की तो शुभम ने धमकी देते हुए बोला कि तुम्हारी बेटी को जान से मार देगें। आवेदन में आगे कहा गया है कि 19 मई को करीब 8:30 बजे उन्हें पता चला कि रिया को देवर शुभम सिन्हा, पति अमर कुमार सिन्हा, भैसूर, विशाल सिन्हा, सास मंजू देवी, जेठानी लवली सिन्हा ने मारकर फंखे से लटका दिया है। इधर जमुआ पुलिस ने घटना के दिन ही शव को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कांड संख्या 97/25 अंकित कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।